- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
अलवर पुलिस का ऑपरेशन क्लीन: अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़; हथियार और औजारों के साथ 70 वर्षीय मुख्य सरगना गिरफ्तार
अलवर 15 अप्रैल। अलवर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलवर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशानुसार मालाखेड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने और रिपेयरिंग करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में बने हुए हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के आधुनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
एसपी चौधरी ने बताया कि अवैध हथियारों से घटनाओं को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी के सुपरविजन में गठित टीम को मंगलवार 14 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली कि महाराजपुरा में हथियारों का अवैध निर्माण हो रहा है। थानाधिकारी हरदयाल सिंह के नेतृत्व में कानिस्टेबल राजेश (न. 2407) द्वारा सूचना की तस्दीक किए जाने के बाद पुलिस टीम ने महाराजपुरा निवासी आरोपी रुस्तम के घर पर अचानक दबिश दी।
अवैध हथियार और वर्कशॉप का सामान*
पुलिस द्वारा मकान की तलाशी लेने पर वहां से न केवल तैयार हथियार मिले, बल्कि हथियार बनाने की पूरी वर्कशॉप संचालित होती पाई गई। बरामदगी में 02 टोपीदार बंदूक और 01 देशी कट्टा (315 बोर), 14 जिंदा कारतूस और 02 खाली कारतूस, निर्माण सामग्री 01 टोपीदार बंदूक की नाल, 31 स्प्रिंग, ट्रिगर, भारी मात्रा में छर्रे और गोली, ड्रिल मशीन (इलेक्ट्रॉनिक व हाथ वाली), ग्राइंडर, भट्टी मय पंखा, शिकंजा, लोहा काटने वाली आरी और नंबर गोदने वाली लोहे की स्टाम्प शामिल है।
70 साल की उम्र में चला रहा था अवैध कारोबार
पुलिस ने मौके से रूस्तम मेव पुत्र टुण्डल मेव (70) को गिरफ्तार किया है। इतनी बड़ी उम्र में भी आरोपी पूरी विशेषज्ञता के साथ हथियार बनाने और उनकी रिपेयरिंग का काम कर रहा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक किन-किन अपराधियों को हथियार सप्लाई किए हैं।
इस सफल कार्रवाई में मालाखेड़ा थानाधिकारी हरदयाल सिंह के साथ स.उ.नि. मुकेश चन्द, कांस्टेबल सुरेश, बालकिशन, ओमप्रकाश और चालक प्रहलाद शामिल रहे। विशेष रूप से कानिस्टेबल राजेश की सूचना संकलन में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
