- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
सेंट्रल एकेडमी स्कूल में अभिभावकों को बताई बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा यात्रा
उदयपुर। सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल हिरण मगरी सेक्टर.3 में नवनिर्वाचित विद्यार्थियों (नर्सरी से कक्षा IV) के अभिभावकों के लिए एक विशेष अभिभावक उन्मुखीकरण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा यात्रा से अवगत कराना तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच सशक्त साझेदारी स्थापित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्र के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों के समग्र विकास, शिक्षण पद्धति तथा विद्यालय की कार्यशैली के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर मुख्य आकर्षण डॉ. देवेंद्र सरीन का विशेष व्याख्यान रहा। उन्होंने नर्चरिंग यंग माइंड्स – हेल्थ, हैबिट्स एंड हैप्पीनेस विषय पर अभिभावकों को संबोधित करते हुए बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, अच्छी आदतों और सकारात्मक वातावरण के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में अभिभावकों को विद्यालय की शिक्षण प्रक्रिया, अनुशासन व्यवस्था एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अभिभावकों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। प्राचार्य हनुमान प्रसाद ने अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन 5 से
उदयपुर। गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र उदयपुर में वर्ष 2022 की नामांकन प्रक्रिया 29 मार्च से 31 मार्च तक महात्मा गांधी ग्राउंड में आयोजित की गई थी। इस प्रक्रिया का परिणाम विभागीय वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है तथा कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा कर दिया गया है। कमांडेंट प्रणय जयोरिया ने बताया कि केंद्र पर चयनित अभ्यर्थी 5 मई से 8 मई के बीच कार्यालय समय में उपस्थित होकर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करें। अभ्यर्थियों को अपना नाम व मोबाइल नंबर दर्ज करवाने के साथ-साथ पुलिस सत्यापन एवं चिकित्सा प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यवाही गृह रक्षा कार्यालय में पूरी करनी होगी, ताकि आगे की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जा सके। कमांडेंट ने बताया कि इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय के दूरभाष नंबर 0294-2940209 या मोबाइल नंबर 9784298266 पर संपर्क कर सकते हैं।
