- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
भू-माफिया, अतिक्रमी, अराजक तत्व और धुसपैठियों पर करें सख्त कार्यवाही
विधानसभा अध्यक्ष ने ली अजमेर उत्तर क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों की बैठक
यातायात व्यवस्था को सुधारे यातायात पुलिस
सख्त पुलिसिंग हो, परिवादियों से विनम्रता से मिलें और समाज को सकारात्मक संदेश दें
अजमेर, 15 अप्रैल। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में सख्त पुलिसिंग की जाए। हमारा उद्देश्य आमजन को भयमुक्त रखना है। भू-माफिया, अतिक्रमणकारी, अराजक तत्व और घुसपैठियों पर सख्त कार्यवाही हो। पुलिस अधिकारी थाने में आने वाले परिवादियों से विनम्रता से मिलें और उन्हें राहत प्रदान करें।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को सर्किट हाउस में अजमेर उत्तर क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि शहर में सख्त पुलिसिंग की जाए। दरगाह के आसपास के क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं की जानकारी आती रहती है। यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी घुसपैठिया ना बचे। कई लोग आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होते हैं। पुलिस प्रो-एक्टिव होकर इन पर कार्यवाही करें। इसी तरह कई स्थानों पर भू-माफिया और अतिक्रमणकारी भी लगातार लोगों और प्रशासन को परेशान करते रहते हैं। इन्हे बख्शा नहीं जाए और जनता को राहत दिलाई जाए।
विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि इसी तरह विभिन्न क्षेत्रों में देर रात तक खुली रहने वाली थड़ियों, कैफे आदि पर असामाजिक तत्व भी जमा रहते हैं। लगातार पैट्रोलिंग कर ऎसे लोगों को डिटेन किया जाए, उन पर सख्ती हो। रेस्टोरेंट, होटल, हुक्काबार आदि पर निरंतर सर्च अभियान चलाया जाए। बदमाशों में भय रहना चाहिए और महिलाएं, बालिकाएं, बच्चे और आमजन निर्भय होकर घूमे।
उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि जवाहर लाल नेहरू अस्पताल, शहर के सभी व्यस्त बाजारों में व्हाइट लाइन में ही वाहन, ठेले और गन्ने के रस की मशीने हो, मार्ग में किसी तरह का अवरोध ना हो। यातायात पुलिस लगातार पैट्रोलिंग करें एवं अतिक्रमण व यातायात अवरोध पर कार्रवाई करे। चौपाटी, गौरवपथ, रामप्रसाद घाट, बारादरी के बाहर एवं अन्य स्थानों पर यातायात व्यवस्था, पुलिसिंग को और अधिक सशक्त किया जाए। पुलिस भिखारियों की समस्या से भी सख्ती से निपटे।
बैठक में अजमेर उत्तर के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
