- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
ग्राम रथ से गांवों और किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
उदयपुर,(राजस्थान व्यूज)। जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार को ग्राम रथ अभियान में किसानों, पषुपालकों और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया। उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के उन्दरीखुर्द, उन्दरीकलां और नयाखेड़ा, मावली विधानसभा क्षेत्र के खेमपुर, आमली, बड़गांव, इंटाली और ढूंढिया, वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के बालाथल, गोटिपा, करणपुर, महाराज की खेड़ी, टूस डांगियान, गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र के दादीया, झाडोली, जसवन्तगढ़, विजयाबवड़ी, झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र के झाड़ोल, कंथारिया, बाघपुरा, लुणावतों का खेड़ा, खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बावलवाड़ा, सुलई, सुंवेरी और झूंथरी ग्राम पंचायत में ग्राम रथ पहुंचा। कार्यक्रम में कला जत्था के कलाकारों द्वारा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास एवं जनजागरण विषयों पर आधारित आकर्षक नाट्य प्रस्तुतियां भी दी गईं। गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र के दादीया में आयोजित कार्यक्रम में सांसद मन्नालाल रावत, गोगुन्दा विधायक प्रतापलाल गमेती सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। कई जगहों पर ग्रामीण पारंपरिक तरीके से ग्राम रथ का पूजन और सदस्यों का स्वागत करते नजर आए।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों तथा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण परिवारों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। वहीं, प्रत्येक ग्राम रथ में एक सुझाव पेटिका भी लगाई गई है, जिसके माध्यम से ग्रामीण अपने सुझाव या समस्याओं को सरकार तक पहुंचा सकते हैं।
