- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
जिला कलक्टर के निर्देश पर माण्डलगढ़ उपखंड में समस्त विभागीय अधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण
राजकीय कार्यालयों में अधिकारियों ने किए आकस्मिक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश’
निरीक्षण में शिकायत निस्तारण, ई-गवर्नेंस और विकास कार्यों की प्रगति पर दिया जोर
भीलवाड़ा, 17 अप्रैल। जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने शुक्रवार को माण्डलगढ़ उपखण्ड का दौरा कर विभिन्न राजकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया तथा उपखण्ड कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान जिला कलेक्टर ने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, आवक-जावक रजिस्टर, उपस्थिति पंजिका सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रूप से संधारित किए जाएं तथा कार्यालयीन कार्यों का निस्तारण निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित किया जाए।
ई-फाइल एवं ई-डाक के निस्तारण की समीक्षा के दौरान लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए।
जिला कलेक्टर ने बताया कि आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण कर आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जाए।
पंचायत समिति कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की प्रगति, बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन, संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों एवं विकास कार्यों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही ग्रीष्मकालीन कंटीजेंसी के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा क्षेत्र में पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को बताया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और जवाबदेही तय करते हुए प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार माण्डलगढ़ उपखण्ड में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने अधीनस्थ कार्यालयों के निरीक्षण किए गए तथा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
