- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
टोंक में NH-52 पर टैंकर फटा, सरसों तेल की “लूट”
टोंक। जिले में नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार सुबह एक ट्रक की टक्कर से सरसों तेल से भरे टैंकर में बड़ा छेद हो गया, जिससे हजारों लीटर तेल सड़क पर बहने लगा। घटना मेहंदवास थाना क्षेत्र के दाखिया गांव के पास सुबह करीब 10 बजे हुई। टैंकर कोटा से जयपुर जा रहा था, तभी पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के कारण टैंकर में करीब 2–3 इंच का छेद हो गया और तेज धार में तेल बहने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर बाल्टियां, पिपे और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और तेल भरने लगे। करीब 100–150 मीटर तक हाईवे पर तेल फैल गया। ड्राइवर धर्मेंद्र ने बताया कि टैंकर में 25 हजार लीटर तेल था, जिसमें से लगभग 10–11 हजार लीटर बह गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
