महाराणा भूपाल अस्पताल को मिला ट्रेड मार्क पंजीकरण
1 min read

महाराणा भूपाल अस्पताल को मिला ट्रेड मार्क पंजीकरण

उदयपुर। संभाग के सबसे बडे महाराणा भूपाल राजकीय अस्पताल (एमबीजीएच) उदयपुर को लगातार तीन वर्षों के प्रयासों के बादआधिकारिक रूप से ट्रेड मार्क पंजीकरण प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि अस्पताल की पहचान, गुणवत्ता एवं संस्थागत प्रतिष्ठा को नई मजबूती प्रदान करेगी।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर. एल. सुमन ने बताया कि संस्थान की विशिष्ट पहचान एवं लोगों को सुरक्षित एवं संरक्षित करने के उद्देश्य से ट्रेड मार्क पंजीकरण हेतु निरंतर प्रयास किए गए। लंबे समय तक चली कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। यह ट्रेड मार्क पंजीकरण भारत सरकार के इंटेलेक्चुअल प्राॅपर्टी इंडिया द्वारा जारी किया गया है। इस प्रक्रिया में अधिवक्ता बृजेश चैहान द्वारा आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन एवं दस्तावेजी कार्यवाही में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। डॉ. आर. एल. सुमन ने बताया कि अब एमबीजीएच का लोगो एवं नाम विधिक रूप से संरक्षित हो गया है। यदि कोई व्यक्ति अथवा संस्था बिना अनुमति इस लोगो अथवा ट्रेड मार्क का उपयोग करती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करते हुए पेनाल्टी लगाई जाएगी। उन्होंने यह ट्रेड मार्क पंजीकरण प्रमाण पत्र आरएनटी प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ राहुल जैन को प्रेषित किया। साथ ही डॉ विजय गुप्ता, डॉ कीर्ति सिंह अतिरिक्त प्रधानाचार्य, हुकमी चंद मीना प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय में सांयकालीन ओपीडी 11 से
उदयपुर। आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय में सांयकालीन ओपीडी 11 मई से प्रारंभ की जाएगी। ओपीडी प्रतिदिन सायं 5 से 7 बजे तक न्यू ओपीडी भवन में कार्यरत रहेगी। इस ओपीडी में मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक यूनिट हेड एवं अन्य चिकित्सक अपनी सेवाएं देगें। लू ताप घात के तहत् आम जनता को राहत देने के लिये सांयकालीन ओपीडी प्रारंभ की जा रही है।
प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डाॅ. राहुल जैन ने बताया कि आम जनता को महाराणा भूपाल चिकित्सालय की आपातकालीन ईकाई में गुणवत्ता पूर्वक ईलाज मिल सके इसलिये आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करते हुये 5 मई से दोनो आपातकालीन ईकाईयों में प्रथक सहायक आचार्य नियुक्त किये गये है। प्रातः कालीन समय 8 से दोपहर 2 तक एक सहायक आचार्य मेडिसिन एवं एक सहायक आचार्य सर्जकिल आपातकालीन ईकाई में लगाये गये है। सांयकालीन 2 पीएम से 8 पीएम व रात्रीकालीन 8 पीएम से   8 एएम में 2 सहायक आचार्य, मेडिसिन एवं सर्जिकल आपातकालीन इकाई में लगाये गये है। 5 सहायक आचार्य मेडिसिन आपातकालीन इकाई में व 5 सहायक आचार्य सर्जिकल आपातकालीन इकाई में प्रतिदिन सेवाएं देंगें। कुल 10 सहायक आचार्य प्रतिदिन दोनों मेडिसिन एवं सर्जिकल आपातकालीन इकाई में सेवाएं देगें। सहायक आचार्यो के साथ मेडिसिन, सर्जरी, ओर्थोपेडिक्स एवं अन्य विभाग के रेजिडेन्ट चिकित्सक भी ड्यूटी देंगें।