- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
सिंधी समाज के जरूरतमंद बच्चे शिक्षा सहायता के लिए 10 मई से कर सकेंगे आवेदन
उदयपुर, (राजस्थान व्यूज)। सिंधी समाज उदयपुर (जेएसपी) की शिक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक झूलेलाल भवन, शक्ति नगर में पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री हरीश राजानी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
अध्यक्ष हरीश राजानी ने बताया कि सिंधी समाज में शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए पूज्य जैकब आबाद सिंधी पंचायत द्वारा कई वर्षों से निरंतर सेवा कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों तथा विधवा या विकलांग पिता वाले परिवारों के कक्षा 1 से 12वीं तक अध्ययनरत जरूरतमंद बच्चों की वार्षिक स्कूल फीस सीधे संबंधित विद्यालय में जमा कराई जाती है, जिससे वे अपनी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रख सकें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026 में भी इस योजना के तहत उन विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे जिनकी वार्षिक फीस 20,000 रुपए तक है। साथ ही, कक्षा 9 से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए पिछली कक्षा में न्यूनतम 50% अंक होना अनिवार्य रखा गया है तथा विद्यार्थी का इस वर्ष नियमित रूप से अध्ययनरत होना आवश्यक है। आवेदन की पात्रता संबंधी विस्तृत शर्तें आवेदन पत्र में उपलब्ध हैं, जो झूलेलाल भवन, शक्ति नगर के नोटिस बोर्ड पर भी देखी जा सकती हैं। इच्छुक अभिभावक 10 मई से 31 मई तक प्रतिदिन दोपहर 12 से 1 बजे के बीच झूलेलाल भवन, शक्ति नगर से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं तथा पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र निर्धारित समयावधि में वहीं जमा करा सकते हैं। आवेदन पत्र प्राप्त करते समय अभिभावकों को बच्चे के वर्तमान स्कूल में प्रवेश की रसीद तथा पिछली कक्षा की मार्कशीट साथ लाना अनिवार्य होगा। बैठक में पंचायत के संरक्षक प्रताप राज चुग, राजेश चुग, कमल आहूजा, भारत खत्री, मोहन मखीजा, डॉ. अशोक कुमार छादवानी, किशोर सिधवानी, हरीश सिधवानी, गोपाल मेहता, अशोक लिंजारा, सुरेश चावला, अमन असनानी सहित अनेक सदस्यों ने विचार व्यक्त किए।
