- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
राजसमंद में हाईवे पर केमिकल टैंकर में विस्फोट, चालक- जिंदा जला, मचा हड़कंप
लसानी। राजसमंद जिले के दिवेर थाना क्षेत्र के छापली घाटा सेक्शन में मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे नेशनल हाईवे-58 पर ऐसा भयावह हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। उदयपुर से अजेमर की ओर जा रहा केमिकल से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और देखते ही देखते तेज धमाके के साथ आग के गोले में तब्दील हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर के पलटते ही जोरदार ब्लास्ट हुआ और कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि टैंकर के चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे जिंदा ही जल गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टैंकर के पीछे चल रही रोडवेज बस और अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। कई वाहनों में आग लगने और नुकसान की भी सूचना है, हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही दिवेर थाना पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग को भी अलर्ट किया गया, जिसके बाद आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे-58 पर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने एक लाइन से ट्रैफिक को धीरे-धीरे सुचारू किया , जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर टैंकर के अनियंत्रित होने को कारण माना जा रहा है, लेकिन विस्फोट की तीव्रता को देखते हुए केमिकल की प्रकृति की भी जांच की जा रही है। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा और खतरनाक रसायनों के परिवहन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। सूचना पर देवगढ़ नगर पालिका ओर जिला मुख्यालय से पांच दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया ।आग लग से दूर दूर तक आग का गुब्बारा देखा गया।
