शहर विधायक ने अधिकारियों संग शहर में नई पार्किंग विकसित करने के लिए किए दौरे
1 min read

शहर विधायक ने अधिकारियों संग शहर में नई पार्किंग विकसित करने के लिए किए दौरे

उदयपुर। शहर विधायक ताराचंद जैन ने अधिकारियों के साथ शुक्रवार को शहर में विभिन्न जगहों पर नई पार्किंग स्थल विकसित करने के लिए दौरा किया और मौका स्थिति को देखा। अंदरूनी शहर और पर्यटन स्थलों के पास नए पार्किंग स्थल विकसित होने से शहर में आने वाले पर्यटको भी आसानी होगी।
शहर विधायक ताराचंद जैन, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एसपी डॉ. अमृता दुहन और नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शुक्रवार को रानी रोड़ पर स्थित राजीव गांधी उद्यान के पास में नई पार्किंग स्थल के लिए जगह को देखा। राजीव गांधी उद्यान के पास में पार्किंग की काफी आवश्यकता है। यहां पर पास में ही एक निजी जमीन पर पार्किंग विकसित हो सकती है। जैन ने अधिकारियों को निजी व्यक्ति से चर्चा कर यहां पर पार्किंग विकसित करने के लिए कहा। जैन ने ब्रह्मपोल मस्जिद के सामने स्थित नगर निगम द्वारा हाल में ही कब्जा मुक्त करवाई करोड़ों रूपए मूल्य की जमीन पर एक मल्टी स्टोरी पार्किंग बनने की संभावना जताते हुए  इसके उपयोग का सुझाव दिया। जिससे जमीन पर कब्जा भी नहीं होगा और लोगों को पार्किंग की सुविधा भी मिल जाएगी। इस पर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना और यूडीए के अभियंताओं को इस पार्किंग की डिजाईन बनाने के लिए निर्देश दिए। शहर विधायक जैन ने अम्बापोल पंप हाउस में एक नई पार्किंग विकसित होने की संभावनाएं बताते हुए पंप हाउस की ओर रास्ते को चौड़ा करने को कहा, ताकी वाहन इस रास्ते से पार्किंग में जा सके और बाहर निकलने के लिए पंप हाउस के सामने वाटिका के रास्ते से निकल सकें। इस पर जिला कलेक्टर अग्रवाल ने डिजाईन बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद सभी पैदल ही चांदपोल तक पहुंच गेट के पास बनी लिफ्ट वाली पार्किंग का भी निरीक्षण किया। इसके बाद सभी अधिकारी कोर्ट चौराहे पर गए जहां न्यायालय के अधिवक्ताओं की पार्किंग को लेकर काफी परेशानी होती है। यहां पर बार अध्यक्ष जितेन्द्र जैन ने खान विभाग के परिसर को अधिग्रहित कर पार्किंग बनाने को लेकर चर्चा की। अधिकारियों और शहर विधायक ताराचंद जैन ने खान विभाग के परिसर में जाकर देखा और मौके मुआयना किया। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने यूडीए के अभियंताओं को खान विभाग परिसर में पार्किंग विकसित करने की संभावनाओं पर काम करने के लिए कहा। इस दौरान उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एसपी डॉ. अमृता दुहन और नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, यूडीए के अधीक्षण अभियंता संजीव शर्मा, स्मार्ट सिटी के अभियंता दिनेश पंचोली सहित यूडीए और निगम के अधिकारी मौजूद रहे।