उदयपुर कलेक्टर ने किया खेरवाड़ा के स्कूल, अस्पताल, बांध, पंचायत कार्यालय का निरीक्षण
1 min read

उदयपुर कलेक्टर ने किया खेरवाड़ा के स्कूल, अस्पताल, बांध, पंचायत कार्यालय का निरीक्षण

उदयपुर। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने खेरवाड़ा क्षेत्र का सघन दौरा कर स्कूल, अस्पताल, बांध एवं राजकीय दफ्तरों का निरीक्षण किया। साथ ही खेरवाड़ा मुख्यालय पर ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक भी ली। उन्होंने झूथरी गांव की प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां ग्रामीणों ने स्कूल भवन की जर्जर स्थिति की समस्या रखी। इस पर कलक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। संभावित हीटवेव के मद्देनजर उपचार सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता आदि का फीड बैक लिया। जिला कलक्टर ने गोदावरी बांध स्थल पर पहुंच कर अवलोकन किया। साथ ही एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत समिति कार्यालय का भी जायजा लेकर कामकाज की जानकारी ली। इस दौरान चिकित्सा सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलक्टर ने पंचायत समिति खेरवाड़ा सभागार में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक ली। इसमें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। कलक्टर ने अधिकारियों से कार्यों का फीडबैक लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाया जाए। साथ ही उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी सहित सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। दौरे के दौरान जिला कलक्टर ने स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया। कुछ ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत किए।