- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
चित्रकूटनगर पत्रकार कॉलोनी में पानी का मीटर चुरा ले गया चोरों का गिरोह
उदयपुर,(राजस्थान व्यूज)। शहर के भुवाणा स्थित चित्रकूटनगर में पॉवर हाउस के पीछे स्थित पत्रकार कॉलोनी में चोरों के गिरोह एक मकान का दरवाजा खोलकर बाहर परिसर में लगा पानी का मीटर चुरा ले गए। पुलिस की निष्क्रियता और गश्त नहीं होने से क्षेत्र में चोरों ने आतंक मचा रखा है। कॉलोनी में आए दिन चोर छोटी बडी वारदातों को अंजाम देने में लगे रहते है। क्षेत्र में निर्माणाधीन मकानों से निर्माण सामग्री चोरी होना आम बात हो चली है।
जानकारी के अनुसार पॉवर हाउस कॉलोनी के पीछे भूजल विभाग कार्यालय के सामने स्थित पत्रकार कॉलोनी में काफी समय से संदिग्ध युवक युवतियों की चहलकदमी हो रही है। कॉलोनी में रह रहे परिवारों द्वारा रोका टोकी करने पर ये संदिग्ध युवा गंदी गालियां और अभद्र भाषा उपयोग में लेते है। यहां तक कि युवतियां उल्टे लज्जा भंग करने की झूठी रिपोर्ट पुलिस में करने की धमकियां तक देती है। भूजल विभाग कार्यालय के सामने ही खाली पडा बडा परिसर संदिग्ध युवाओं के लिए सुरक्षित अड्डा बना हुआ है जो इनके लिए शरण स्थली का सहारा है। पहले यहां एक आॅटो वर्कशॉप संचालित होता था जो गत वर्ष खाली कर अन्यत्र शिफ्ट हो गया। उसके बाद यह यह संदिग्धों का अड्डा बना हुआ है। इसकी आड में यहां संदिग्ध गतिविधियां संचालित होती है। इस बीच सोमवार देर रात चोरों का गिरोह पत्रकार कॉलोनी में पहुंचा और पहले वहां खडी कार में झांकने के बाद बैंक मैनेजर हेमंत पालीवाल के घर के बाहर वाला दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया और यहां पोर्च में लगा पानी का मीटर बडी निडरता से खोलकर चुरा ले गए। यह सारी वारदात यहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इसमें तीन से चार बदमाश एक घर से पानी का मीटर व पाइप काटकर एक सफेद कट्टे में रखकर ले जाते दिख रहे है। क्षेत्रवासी डॉ रवि शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी मे चोर दो से तीन घरों के बाहर घूमते दिखाई दे रहे है।। वे पाइप ओर मीटर को औजारों से काटकर ले गए। कॉलोनी में शाम होते ही बाहर असामाजिक तत्वों संदिग्ध लोगों का मूवमेंट रहता है जिन्हें कई बार नशा करते देखा गया है। इससे पहले भी इलाके में मीटर चोरी की घटनाएं हो चुकी है। पहले भी पुलिस से रात्रि में प्रभावी गश्त बढाने और चोरों को जल्द पकडने की मांग की जा चुकी है। चोरी की यह वारदात अलसुबह करीब 4 बजे करीब की है। सुबह जब पीडित परिवार नींद से उठा तो मीटर और पाइप गायब मिले। इस संबंध में पीडित हेमंत पालीवाल ने सुखेर थाने में लिखित रिपोर्ट दी है। परिवार ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। कॉलोनीवासियों में चोरी की वारदात से भारी आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि कॉलोनी क्षेत्र में पुलिस गश्त नहीं करती। यहां तक कि कॉलोनीवासियों को यह भी नहीं पता कि उनका बीट कांस्टेबल कौन है। न ही कभी बीट कांस्टेबल ने कभी कॉलोनी में रहने वाले परिवारों से संवाद संपर्क किया। कॉलोनीवासियों का कहना है कि जब बीट कांस्टेबल कॉलोनी में लोगों से संवाद संपर्क ही नहीं रखेगा तो वह उसके बीट क्षेत्र में रह रहे संदिग्ध लोगों और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में क्या ध्यान रखेगा। पत्रकार कॉलोनी में चोरी की वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर बडा सवाल खडा कर दिया। हाल ही सुखेर थानांंर्गत नवरत्न कॉम्पलेक्स में भी चोर इसी तरह पानी का मीटर चुराकर ले जा चुके है।
