- राजस्थान व्यूज़ |
- उदयपुर
प्रतापगढ़: जिला कलक्टर ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण
प्रतापगढ़,16 अप्रैल। जिला कलक्टर शुभम चौधरी ने गुरुवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, दवा वितरण, उपचार व्यवस्था एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया।
जिला कलक्टर ने अस्पताल के ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, लेबर रूम, वार्डों एवं दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण करते हुए उपस्थित चिकित्सकों एवं स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा अधिकारियों को मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन को नियमानुसार बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर जिला अस्पताल के चिकित्सक उपस्थित रहे।
