- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालय समय परिवर्तन की मांग
उदयपुर, (राजस्थान व्यूज)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महासचिव भारत रामानुज एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव प्रदीप त्रिपाठी ने जिले में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी एवं लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन से विद्यालयों के समय में तत्काल परिवर्तन की मांग की है।
नेताओं ने कहा कि वर्तमान में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आमजन के साथ-साथ छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर के समय तेज धूप एवं लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है, और कई स्थानों से बच्चों के बीमार होने की सूचनाएं भी प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे इस प्रकार की भीषण गर्मी के प्रति अत्यधिक संवेदनशील होते हैं, ऐसे में वर्तमान विद्यालय समय उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी लोकेश भारती से भी वार्ता की गई, जिसमें उन्हें वर्तमान परिस्थितियों से अवगत कराते हुए विद्यालय समय में शीघ्र परिवर्तन करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
