मौसमी बीमारियों पर अलर्ट: अतिरिक्त निदेशक ने दिए सख्त निर्देश
1 min read

मौसमी बीमारियों पर अलर्ट: अतिरिक्त निदेशक ने दिए सख्त निर्देश

एक जैसे मामलों की तुरंत सूचना देने और धरियावद में विशेष निगरानी के निर्देश

प्रतापगढ़, 14 अप्रैल। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक (ग्रामीण स्वास्थ्य ) डॉ. प्रवीण असवाल ने गुरुवार को जिले के चिकित्सा अधिकारियों एवं निजी चिकित्सकों के साथ जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी विशेष क्षेत्र से एक ही प्रकार के रोगों के अधिक मामले सामने आते हैं, तो इसकी सूचना तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय को दी जाए ताकि समय पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए क्षेत्र में सर्वे एवं स्क्रीनिंग गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिए तथा बीसीएमओ को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने और संदिग्ध मामलों की समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा। अतिरिक्त निदेशक ने विशेष रूप से धरियावद क्षेत्र में बच्चों की बीमारी एवं मृत्यु की सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत निदेशालय एवं राज्य स्तर पर प्रेषित की जाए और क्षेत्र में इंटेंसिफाइड तरीके से स्वास्थ्य गतिविधियों को संचालित किया जाए। उन्होंने फील्ड में बीमार मरीजों के ब्लड स्लाइड बनाकर जांच करने, बुखार सहित अन्य लक्षणों के आधार पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने तथा झाड़-फूंक जैसी परंपराओं के स्थान पर वैज्ञानिक उपचार अपनाने के लिए आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया। बैठक से पूर्व अतिरिक्त निदेशक ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को बेहतर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा गंभीर मरीजों को आवश्यकता अनुसार उच्च केंद्रों पर रेफर किया जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने हीट स्ट्रोक से बचाव हेतु वार्डों में कूलर, पंखे एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक यादव, डिप्टी सीएमएचओ
डॉ. विनोद कुमार खांट, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. धीरज सेन सहित अन्य अधिकारी आरसीएचओ डॉ जगदीप खराड़ी, डिप्टी कंट्रोलर डॉ मनीष शर्मा एपिडेमियोलॉजी सचिन शर्माउपस्थित रहे।