- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
विभिन्न हादसों में चार की मौत
घासा क्षेत्र में जहरीली वस्तु खाने से महिला की मौत
उदयपुर। घासा क्षेत्र में जहरीला पदार्थ खाने से एक महिला की मौत हो गई। घटना सांगवा क्षेत्र की है, जहां महिला ने गेहूं में रखने वाली जहरीली दवा का सेवन कर लिया। पुलिस के अनुसार लालूराम डांगी ने रिपोर्ट दी कि मृतका ने घर में गेहूं में उपयोग होने वाली नशीली/जहरीली दवा खा ली थी। दवा सेवन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजनों द्वारा महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रेमशंकर कर रहे है।
पालड़ी में मकान की छत से गिरने पर युवक की मौत
बड़गांव क्षेत्र के पालड़ी इलाके में एक युवक की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस के अनुसार संदीप यादव ने रिपोर्ट दी कि मृतक सत्यप्रकाश पालड़ी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। रात के समय वह मकान की छत पर गया था। इसी दौरान पेशाब करते समय उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए एमबीजीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह कर रहे हैं।
झाड़ोल में कार की टक्कर से बालिका की मौत
झाड़ोल थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बालिका की मौत हो गई। हादसा उण्डावेला क्षेत्र में हुआ, जहां गलत दिशा से आई कार ने बच्ची को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार शिवलाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी पुत्री को एक कार चालक ने टक्कर मार दी। आरोप है कि कार चालक गलत साइड से वाहन चलाते हुए आया और बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाया। मामले की जांच उपनिरीक्षक दिनेश कुमार कर रहे हैं। पुलिस अज्ञात कार चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
पहाड़ा क्षेत्र में बाइक फिसलने से युवक की मौत
जिले के पहाड़ा क्षेत्र में राबाया पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार नामा डामोर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि मोटरसाइकिल चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टर्न पर अचानक ब्रेक लगाने से बाइक स्लिप हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में पीछे बैठे प्रार्थी के पुत्र को गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सुरेश कुमार कर रहे हैं।
