- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत
लक्षित आयुवर्ग की 2851 बालिकाओं को लगाया निःशुल्क टीका
एचपीवी वैक्सीनेशन से सुरक्षित हो रही 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियां
‘‘हर अभिभावक अपनी बच्चियों का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण जरूर करवाए’’- जिला कलेक्टर
भीलवाड़ा, 17 अप्रैल। जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में शुक्रवार को जिलेभर के चिकित्सा संस्थानों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित कर 14 से 15 वर्ष आयुवर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया गया।
जिला कलेक्टर श्री संधू ने आमजन व अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यह टीकाकरण बालिकाओं के स्वस्थ भविष्य की सुरक्षा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी बच्चियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण करवाकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश स्तर पर अभियान के शुभारंभ के साथ ही जिले में भी इसे गंभीरता और प्रभावशीलता के साथ लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित व प्रभावी है, जो सर्वाइकल कैंसर से दीर्घकालीन सुरक्षा प्रदान करता है। 14 वर्ष की आयु में एक डोज ही पर्याप्त सुरक्षा देने में सक्षम है।
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम या भय में न आएं और अधिक से अधिक संख्या में अपनी बच्चियों को इस अभियान से जोड़ें, ताकि जिले में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर विशेष मॉनिटरिंग टीमें गठित की गई हैं, जो ब्लॉक स्तर तक समन्वय स्थापित कर निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप टीकाकरण सत्रों का संचालन सुनिश्चित कर रही हैं। लक्ष्य प्राप्ति को ध्यान में रखते हुए अभियान से पूर्व विद्यालयों में स्वास्थ्य कार्मिकों द्वारा व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित कर बालिकाओं को टीकाकरण के लाभों से अवगत कराया गया।
एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के अंतर्गत जिले में आज आवंटित लक्ष्य के विरूद्व 2851 बालिकाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण कर उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान की गई।
जिला आरसीएच अधिकारी डॉ. अभिनव निर्वाण ने बताया कि शाहपुरा, जहाजपुर, सुवाणा, आसीन्द, गुलाबपुरा, बनेड़ा, गंगापुर, रायपुर, करेड़ा, माण्डल, माण्डलगढ़, बिजौलिया व कोटड़ी ब्लॉकों सहित भीलवाड़ा शहर में व्यापक स्तर पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। अभियान के दौरान लाभार्थी बालिकाओं का प्री-रजिस्ट्रेशन कर उन्हें व्यवस्थित रूप से टीकाकरण का लाभ प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान की प्रगति की सतत मॉनिटरिंग के लिए गूगल लिंक के माध्यम से ऑनलाइन रिपोर्टिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे रियल-टाइम डेटा अपडेट कर लक्ष्य अर्जित किये गए है।
