- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
6 नाबालिगों को सकुशल ढूंढ निकाला; दिल्ली, एमपी और डीडवाना तक पीछा कर परिजनों को सौंपी खुशियां
अजमेर पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’:
अजमेर 23 अप्रैल। अजमेर जिले में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ को बड़ी सफलता मिली है। अजमेर पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों ने सीमाओं की परवाह न करते हुए दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक तलाश की और अपनों से बिछड़े 06 नाबालिगों को सकुशल दस्तयाब किया।
केस 1: पुष्कर पुलिस की 1000 किलोमीटर की दौड़
पुष्कर थाना क्षेत्र से मध्य प्रदेश के शहडोल निवासी एक महिला के तीन बच्चे दो लड़कियां और एक लड़का लापता हो गए थे। थानाधिकारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने बिना रुके लगातार 20 घंटे तक सफर किया और करीब 1000 किलोमीटर की यात्रा कर सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीनों बच्चों को मध्य प्रदेश से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
केस 2: गेगल पुलिस की तकनीकी सफलता
गेगल थाना क्षेत्र के लाडपुरा स्थित ईंट भट्टे से छत्तीसगढ़ निवासी परिवार की दो नाबालिग लड़कियां लापता हुई थीं। थानाधिकारी नरपतराम बाना और उनकी टीम ने सीडीआर विश्लेषण और तकनीकी सहायता का उपयोग किया। टीम ने डीडवाना-कुचामन जिले के पदमपुरा गांव के पास से दोनों बालिकाओं को ढूंढ निकाला और परिजनों के सुपुर्द किया।
केस 3: आदर्शनगर पुलिस का 7 दिन का सर्च ऑपरेशन
आदर्शनगर थाना क्षेत्र से लापता हुए एक नाबालिग बालक की तलाश में पुलिस ने सबसे लंबा अभियान चलाया। थानाधिकारी छोटेलाल मीणा के नेतृत्व में टीम ने 7 दिनों तक दिल्ली, मेरठ, बागपत और सोनीपत जैसे शहरों में करीब 300 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। अंततः टीम की मेहनत रंग लाई और बच्चे को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य केवल बच्चों को ढूंढना ही नहीं, बल्कि मानव तस्करी जैसे अपराधों पर लगाम लगाना और परिवारों का विश्वास पुलिस में बनाए रखना है। अजमेर पुलिस भविष्य में भी गुमशुदा बच्चों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी।
विशेष योगदान देने वाली टीमें:
* पुष्कर टीम: पुलिस निरीक्षक विक्रम सिंह, हैड कानि. सीताराम (246), कानि. चन्द्र प्रकाश और महिला कानि. सुमन। विशेष योगदान हैड कानि. सुनील मील (साइबर सेल)।
* गेगल टीम: पुलिस निरीक्षक नरपतराम बाना, एएसआई कमल किशोर, कानि. मुकेश राम (1364) और रिश्वेन्द्र सिंह (2159) सहित अन्य।
* आदर्शनगर टीम: पुलिस निरीक्षक छोटेलाल मीणा, एसआई दिलीप मुक्कड़, एएसआई भूरी सिंह और हैड कानि. नवल सिंह (117) की मुख्य भूमिका रही।
