- राजस्थान व्यूज़ |
- उदयपुर
आज से शुरू होगा उदयपुर ध्यान महोत्सव
उदयपुर। परिवार, समाज, देश एवं विश्व शांति के उद्देश्य से आज 9 अप्रैल 2026 से उदयपुर में तीन दिवसीय उदयपुर ध्यान महोत्सव का शुभारंभ होगा। यह महोत्सव 9 से 11 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क रहेंगे। महोत्सव में ब्रह्म ऋषि प्रेमनाथ जी, डॉ. निहाल जैन एवं अन्य वरिष्ठ साधकों का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त होगा। आयोजक डॉ. निहाल जैन ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ आज प्रातः 7 बजे समग्रम इको पिरामिड, शोभागपुरा पंचायत के सामने, उदयपुर में होगा। प्रातः 7 से 9 बजे तक ऊर्जा योग एवं एकत्व योग का आयोजन रहेगा, जबकि प्रातः 9 से 10 बजे तक उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा।आयोजक डॉ. निहाल जैन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को ध्यान, योग एवं आत्मिक शांति से जोड़ना है, ताकि व्यक्ति अपने जीवन में संतुलन, सहजता एवं सकारात्मकता ला सके।
विश्व नवकार महामंत्र दिवस आज, फतह स्कूल मैदान में होगा आयोजन
उदयपुर। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन की ओर से 9 अप्रैल गुरुवार को संपूर्ण विश्व में 100 से अधिक देशों और 6 हजार से अधिक स्थानों पर नवकार महामंत्र का जाप एक नियत समय पर प्रात: 8.1 बजे से 9.1 बजे तक होगा। लाखों लोगों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में यह आयोजन होगा जहाँ एक समय पर इतनी संख्या में सर्व समाज जन और देशवासियों के द्वारा किए जाने वाले जाप से पूरा आभामंडल नवकारमय होकर विश्व शांति की प्रतिस्थापना में सहायक होगा। उदयपुर जीतो चेप्टर अध्यक्ष यशवंत आंचलिया व कार्यक्रम मुख्य संयोजक राजकुमार फत्तावत ने बताया कि उदयपुर में विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर दिव्य नवकार महामंत्र जाप बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति में सूरजपोल स्थित फतह स्कूल ग्राउंड पर 9 अप्रैल को एक ही दिन में 8.1 बजे से 9.1 बजे तक 25 लाख नवकार महामंत्र की आराधना होगी। जिसमें जैन समाज के साथ सर्व धर्म के समाजजन भी सहभागी बनेंगे। संयोजक फत्तावत ने आह्वान किया कि आमजन व्यवस्था की दृष्टि से दुपहिया वाहन लेकर आएंगे तो सुविधाजनक रहेगा तथा सभी नवकार मंत्र के आराधक 7.50 मिनिट से पहले अपना स्थान ग्रहण कर ले ताकि नियत समय पर जाप शुरु कर सकेंगे। जीतो लेडिज विंग अध्यक्षा अंजली सुराणा एवं यूथ विंग अध्यक्ष दिव्यद दोशी ने बताया कि आयोजन स्थल को आकर्षक तरीके से दुल्हन की तरह सजाया गया है। मुख्य सचिव अभिषेक संचेती व यूथ विंग के सचिव विनय कोठारी ने बताया कि फतह स्कूल में प्रवेश के लिए गुरुद्वारा से व सूरजपोल से आने वाले आमजन मुख्य द्वार से प्रवेश कर सकेंगे। साथ ही सेक्टर 3, 4, 5, 8, 9, 11, 13 व 14 की ओर से आने वाले आराधक उदियापोल बस स्टैंड के पास विद्यालय में जाने वाले गेट से प्रवेश कर सकेंगे। पार्किंग व्यवस्था के लिए विद्यालय के अन्दर का क्षेत्र, गुरुद्वारा से विद्यालय के बाहर वाली लेन तथा बस स्टैंड वाली नई रोड पर अपने वाहनों की पार्किंग कर सकेंगे। पार्किंग के लिए प्रशासनिक सहयोग के साथ-साथ नीजी सुरक्षा गार्डों की भी माकूल व्यवस्था की गई।