- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
आलोक श्रीराम मंदिर का 28वां पाटोत्सव धूमधाम से सम्पन्न
उदयपुर,(राजस्थान व्यूज)। शहर के हिरणमगरी सेक्टर—11 स्थित आलोक संस्थान परिसर में श्री राम मंदिर में मंगलवार को 28वां पाटोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं वैदिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ आलोक गुरुकुल के निदेशक डॉ. प्रदीप कुमावत एवं कांता कुमावत द्वारा गोपाल सहस्रनाम का तुलसी दल से अभिषेक कर किया गया। तत्पश्चात मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। ध्वज पूजन के उपरांत मंदिरों पर विधिवत ध्वजारोहण किया गया। मुख्य श्रीराम मंदिर पर डॉ. प्रदीप कुमावत एवं कांता कुमावत द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
वहीं शिव मंदिर पर मनोज कुमावत एवं विद्या कुमावत, गणपति मंदिर पर दुर्गा कुमावत, हनुमान मंदिर पर निश्चय कुमावत-निहारिका तथा राधा कृष्ण मंदिर पर प्रतीक कुमावत एवं हितिशा द्वारा ध्वजा अर्पित की गई। इस अवसर पर सरस्वती मंदिर आलोक संस्थान में भी ढोल-नगाड़ों के साथ विशेष अनुष्ठान सम्पन्न हुए, जहां संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा उत्साहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि के रूप में प्रभु श्रीराम की दिव्य एवं भव्य आरती का लोकार्पण किया गया, जिसे अब श्रद्धालु नियमित रूप से सुन सकेंगे। साथ ही अधिक मास के अवसर पर आयोजित होने वाली एक माह की श्रीमद्भागवत कथा के बैनर का भी विधिवत विमोचन किया गया। इस कथा का वाचन पंडित अजय शास्त्री द्वारा श्रीराम मंदिर प्रांगण में किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र श्रीमाली, देवेंद्र श्रीमाली, जितेंद्र श्रीमाली सहित रतन पुजारी की विशेष उपस्थिति रही। समस्त धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन आचार्य धीरज आमेटा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में भाग लेकर धर्म, संस्कृति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत अनुभव किया।
