- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
दलित दुल्हन के साथ अमानवीय घटना पर कांग्रेस का कड़ा विरोध
उदयपुर। वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के हरियाव गांव में गत 29 अप्रेल को घटित दलित परिवार की दुल्हन को घोड़ी से उतारकर मारपीट करने की शर्मनाक और निंदनीय घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। यह घटना न केवल सामाजिक समरसता पर हमला है, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त समानता और सम्मान के अधिकारों का भी खुला उल्लंघन है। उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि
घटना के संबंध में पीड़ित परिवार द्वारा डबोक थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। मामले की जानकारी मिलते ही आज उदयपुर शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुरेश सोलंकी एवं गणेश मेघवाल पीड़ित परिवार से मिलने उनके निवास पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। नेताओं ने यह भी कहा कि शीघ्र ही जिला कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा जाएगा और इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग की जाएगी। साथ ही प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती से लड़ने का विश्वास दिलाया।
