- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
लसाडिया के कुंडा गांव में उल्टी के बाद दो चचेरी बहनों की मौत
उदयपुर। सलूम्बर जिले के लसाडिया क्षेत्र में दो चचेरी बहनों की मौत हो जाने से प्रशासन में हडकंप मच गया। प्रारंभिंक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके है। पुलिस ने दोनों बच्चियों का पोस्टमार्टम कराया है। अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार लसाडिया के खजुरी पंचायत में कुंडा गांव में गुरुवार को दोपहर बारह बजे छह वर्षीय आशा पुत्री तेजा मीणा की अचानक तबियत खराब हुई। उसे पहले उल्टी हुई और उसके बाद उसे तेज झटके आने लगे और दम तोड दिया। अभी इस सदमे से परिवार उबरा भी नहीं था कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे पांच वर्षीय चचेरी बहन रुसिया पुत्री समीया मीणा को भी पहले उल्टी हुई और बाद में झटके आए और उसने भी दम तोड दिया। इन घटनाओं की सूचना मिलने के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आया। आशा का अंतिम संस्कार हो जाने के कारण उसका पोस्टमार्टम नहीं हो सका लेकिन बाद में मरी रुसिया का पोस्टमार्टम कराया गया है। चिकित्सा विभाग के अनुसार दोनों मौत के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। क्षेत्र में और भी बीमार बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव गांव घर घर जाकर सर्वे कर रही है। उधर प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है ताकि मौत के कारण स्पष्ट हो सके। घटना के बाद गांव में प्रशासन अधिकारियों ने दौरे किए। बता दें गत एक अप्रेल से आठ अप्रेल के दौरान भी संदिग्ध बीमारी के चलते आठ बच्चों की मौत हो गई थीं।
