हँसी की वापसी: तनाव, अवसाद और भागदौड़ भरे समय में जीवन का सरल उपचार
1 min read

हँसी की वापसी: तनाव, अवसाद और भागदौड़ भरे समय में जीवन का सरल उपचार

उदयपंर। आज का मनुष्य पहले से कहीं अधिक सुविधा संपन्न है, लेकिन भीतर से पहले से अधिक अकेला और तनावग्रस्त भी है। तकनीक ने दूरियों को कम किया है, पर दिलों के बीच की दूरी बढ़ा दी है। जीवन की गति इतनी तेज हो चुकी है कि मनुष्य दौड़ तो रहा है, लेकिन उसे यह भी नहीं पता कि वह आखिर कहाँ पहुँचना चाहता है। प्रतिस्पर्धा, सामाजिक तुलना, अपेक्षाओं का बोझ और स्वयं को लगातार साबित करने की मानसिकता ने व्यक्ति को भीतर से थका दिया है। परिणामस्वरूप तनाव, अवसाद, अनिद्रा, उच्च रक्तचाप और मानसिक असंतुलन जैसी समस्याएँ तेजी से बढ़ रही हैं। आज परिवारों में संवाद कम हो रहे हैं, मोबाइल स्क्रीन अधिक हो गई हैं और सहज मुस्कानें कम होती जा रही हैं। हर व्यक्ति किसी अदृश्य दबाव में जी रहा है। यही कारण है कि आज मनुष्य के जीवन से सबसे स्वाभाविक चीज हँसी धीरे-धीरे गायब होती जा रही है।
90 के दशक में जब हास्य योग के जनक डॉ. मदन कटारिया पहली बार मेरे संस्थान आए, तब उन्होंने हमारे हॉस्टल के विद्यार्थियों के साथ कुछ विशेष हास्य प्रयोग करवाए। उन प्रयोगों को देखकर मेरे भीतर एक नई प्रेरणा जागी। मुझे महसूस हुआ कि यदि हास्य को योग, आसनों, प्राण ऊर्जा और मनोविज्ञान के साथ जोड़ा जाए, तो यह केवल हँसी तक सीमित न रहकर एक प्रभावी जीवन पद्धति बन सकता है। चूँकि वर्षों से मैं आसनों और शरीर-मन संतुलन पर कार्य कर रहा था, इसलिए मैंने लाफ्टर योग को अपने आसन विज्ञान के साथ जोड़कर आगे बढ़ाना प्रारम्भ किया। इसी क्रम में मेरी विकसित “मेडला” विधा ने एक नए आयाम का रूप लिया, जिसका आगे मैंने विस्तार से परिचय दिया है जिसमें ध्यान, ऊर्जा, हास्य और योग का अद्भुत समन्वय है। समय के साथ मैंने हास्य योग को सीमित प्रयोगों से आगे बढ़ाते हुए 1000 से अधिक लाफ्टर योग तकनीकों का निर्माण किया, जिसने मुझे विश्व रिकॉर्डधारी बनने का अवसर भी प्रदान किया। आज यह विधा हजारों लोगों के जीवन में ऊर्जा, सकारात्मकता और तनावमुक्ति का माध्यम बन चुकी है
इन्हीं प्रयोगों और अनुभवों की यात्रा में मैंने एक विशेष पद्धति विकसित की, जिसे मैं “मेडला मेडिटेशन प्लस लाफ्टर” कहता हूँ। यह केवल ध्यान या हास्य का अभ्यास नहीं, बल्कि दोनों का एक संतुलित समन्वय है। सामान्यतः ध्यान को गंभीरता और मौन से जोड़ा जाता है, जबकि हँसी को केवल मनोरंजन समझा जाता है। लेकिन मेरे अनुभव में, जब व्यक्ति गहरी श्वास, सहज ध्यान और मुक्त हास्य को एक साथ जोड़ता है, तो भीतर अद्भुत ऊर्जा का संचार होता है। इस पद्धति में पहले शरीर और मन को साँसों एवं ध्यान के माध्यम से शांत किया जाता है, फिर नियंत्रित और जागरूक हास्य के द्वारा भीतर जमी मानसिक जकड़न को तोड़ा जाता है। परिणामस्वरूप व्यक्ति केवल रिलैक्स नहीं होता, बल्कि भावनात्मक रूप से हल्का, मानसिक रूप से अधिक स्पष्ट और आध्यात्मिक रूप से अधिक जुड़ा हुआ अनुभव करता है। “मेडला मेडिटेशन प्लस लाफ्टर” का मूल उद्देश्य यही है कि ध्यान केवल आँखें बंद करने तक सीमित न रहे, बल्कि जीवन को आनंद, सहजता और आंतरिक प्रसन्नता के साथ जीने की कला बन जाए।
जब हँसी जीवन का स्वाभाविक हिस्सा थी – एक समय था जब लोग छोटी-छोटी बातों में आनंद खोज लेते थे। गाँव की चैपालों में, परिवार के आँगन में, मित्रों की बैठकों में खुलकर ठहाके लगते थे। तब मनोरंजन के साधन सीमित थे, लेकिन मन हल्के थे। आज मनोरंजन के हजारों माध्यम हैं, पर मन भारी हैं। अब स्थिति यह हो गई है कि हँसने के लिए भी कारण ढूँढना पड़ता है। यदि कोई व्यक्ति खुलकर हँसता है, तो कई बार उसे हल्केपन से देखा जाता है। समाज में गंभीर दिखना परिपक्वता का प्रतीक मान लिया गया है, जबकि भीतर से वही व्यक्ति तनाव और चिंता से टूटा हुआ होता है। ऐसे समय में हास्य योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन को उसकी सहजता लौटाने का एक माध्यम बनकर सामने आया है।
हास्य योग को अक्सर लोग कॉमेडी, चुटकुलों या स्टैंडअप शो से जोड़कर देख लेते हैं, जबकि वास्तव में यह उनसे बिल्कुल अलग एक योगिक प्रक्रिया है। किसी चुटकुले या कॉमेडी दृश्य पर हम एक-दो बार हँस सकते हैं, लेकिन वही बात बार-बार सुनने पर स्वाभाविक हँसी समाप्त हो जाती है। स्टैंडअप कॉमेडी क्षणिक मनोरंजन दे सकती है, पर हास्य योग का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भीतर की ऊर्जा को जागृत करना है। हास्य योग में बिना किसी चुटकुले, व्यंग्य या बाहरी कारण के हँसी को एक अभ्यास के रूप में विकसित किया जाता है। प्रारम्भ में यह हँसी कृत्रिम या प्रयासपूर्ण लग सकती है, लेकिन समूह ऊर्जा, श्वास, ताल, भाव और योगिक क्रियाओं के माध्यम से वही हँसी धीरे-धीरे सहज, स्वाभाविक और ठहाकों में परिवर्तित हो जाती है। यही प्रक्रिया शरीर और मन में संचित तनाव को बाहर निकालकर व्यक्ति को हल्कापन, सकारात्मकता और आंतरिक प्रसन्नता का अनुभव कराती है।
हास्य योग  बिना कारण हँसने की कला – हास्य योग की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह किसी बाहरी कारण पर निर्भर नहीं करता। सामान्यतः हम तब हँसते हैं जब कोई चुटकुला सुनाया जाए या कोई हास्यास्पद घटना हो। लेकिन हास्य योग यह सिखाता है कि बिना किसी कारण के भी हँसा जा सकता है, और यह हँसी भी शरीर और मन पर उतनी ही प्रभावी होती है। शुरुआत में यह कृत्रिम लग सकता है, लेकिन जैसे-जैसे व्यक्ति समूह में शामिल होता है, उसकी हँसी स्वाभाविक बन जाती है। शरीर और मन का संबंध इतना गहरा है कि शरीर की क्रिया मन की भावना को प्रभावित करने लगती है। जब हम हँसते हैं, तो हमारा मस्तिष्क यह संदेश ग्रहण करता है कि हम प्रसन्न हैं, और धीरे-धीरे भीतर सकारात्मक ऊर्जा का निर्माण होने लगता है।
सुविधाएँ बढ़ीं, संतोष घट गया — श्री गुरु डॉ. प्रदीप कुमावत, लाफ्टर मैस्ट्रो, विश्व रिकॉर्डधारी, निदेशक आलोक संस्थान।