- राजस्थान व्यूज़ |
- झालावाड़
पति ने पत्नी को ससुराल बुलाकर कुल्हाड़ी से की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
पिड़ावा थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपसी मनमुटाव बना हत्या की वजह
झालावाड़, 2 मई। झालावाड़ जिले की पिड़ावा थाना पुलिस ने ग्राम कोटड़ी में हुई महिला हत्या की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे मनमुटाव ने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार 1 मई को सूचना मिली थी कि ग्राम कोटड़ी में एक महिला की उसके पति द्वारा धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। सूचना पर थानाधिकारी रामपाल यादव मय टीम मौके पर पहुंचे, जहां महिला कविताबाई का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। पुलिस ने शव को उप जिला चिकित्सालय पिड़ावा पहुंचाकर मोर्चरी में रखवाया।
मृतका के पिता प्रेमचंद पुत्र हीरालाल बैरागी निवासी कनवाड़ी, थाना सुनेल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनकी पुत्री कविता की शादी करीब 4-5 वर्ष पहले गोविंद बैरागी निवासी कोटड़ी से नाता विवाह के रूप में हुई थी। दोनों का एक 5 वर्षीय पुत्र भी है। पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते कविता अपने पीहर में रह रही थी।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी पति गोविंद ने कविता को फोन कर ससुराल बुलाया। कविता अपने बच्चे के साथ कोटड़ी पहुंची, जहां आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा गया।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा और वृत्ताधिकारी पूजा नागर के सुपरविजन में थानाधिकारी रामपाल यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और एफएसएल टीम से वैज्ञानिक निरीक्षण करवाया।
जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पति गोविंद अपनी पत्नी से चल रहे विवाद के चलते नाराज था और इसी रंजिश में उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस टीम ने लगातार तलाश करते हुए उसे पंछावा माता रोड से हिरासत में लिया। मनोवैज्ञानिक और तकनीकी पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी गोविंद बैरागी (27) पुत्र संतोष बैरागी निवासी कोटड़ी, थाना पिड़ावा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
विशेष भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी रामपाल यादव, कांस्टेबल मन्नूसिंह (विशेष भूमिका), कांस्टेबल सांवरिया और चालक कांस्टेबल अरविंद शामिल रहे।
