उदयपुर में पारा 2 डिग्री लुढका, नर्सरी से 8वीं तक सुबह 7ः30 से 11ः30 बजे तक चलेगी कक्षाएं
1 min read

उदयपुर में पारा 2 डिग्री लुढका, नर्सरी से 8वीं तक सुबह 7ः30 से 11ः30 बजे तक चलेगी कक्षाएं

उदयपुर,(राजस्थान व्यूज)। उदयपुर शहर व आसपास क्षेत्र में मंगलवार को पारा 2 डिग्री लुढकने के साथ ही गर्मी से हल्की राहत अवश्य मिली है लेकिन तेवर अनवरत बने हुए है।
मौसम कार्यालय डबोक के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 .0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री दर्ज किया गया जो सोमवार को क्रमश: 42.0 डिग्री व 25.8 डिग्री था। बीते चौबीस घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 डिग्री व न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट आई है।
उधर, जिले में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और मौसम विभाग द्वारा जारी हीटवेव की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यालयों के समय में बदलाव किया है। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उदयपुर जिले के सभी राजकीय, गैर-राजकीय एवं सीबीएसई से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों का समय 29 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक प्रातः 7ः30 बजे से 11ः30 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई पूर्व निर्धारित समयानुसार यथावत जारी रहेगी। वहीं विद्यालय स्टाफ को अपने निर्धारित समय पर ही उपस्थित रहना होगा, उनके समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। जिला प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि परीक्षा समय में किसी प्रकार का बदलाव नहीं होगा और वह पहले की तरह जारी रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में 29 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक आंगनबाडी केन्द्रों का संचालन प्रातः 07ः30 बजे से 10ः30 बजे तक  किया जाएगा। यह आदेश केवल बच्चों के लिए लागू रहेगा, जबकि आंगनवाड़ी के मानदेय कर्मियों का कार्य समय प्रातः 07ः30 बजे से 11ः30 बजे तक रहेगा।