- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
ओगणा में विवाहिता की मौत के बाद पति की ससुराल पक्ष ने की हत्या
उदयपुर,(राजस्थान व्यूज)। जिले के ओगणा क्षेत्र में बीमारी के चलते विवाहिता की मौत के बाद उसके पति को ससुराल पक्ष ने शक के चलते बुधवार सुबह अपहरण कर मौत के घाट उतार दिया। उसका शव जंगल में लहुलुहान हालत में मिला। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस हालात पर नजर रखे हुए है। पुलिस के अनुसार ओगणा थानांतर्गत उपरेटा गांव में 25 वर्षीय पारू पत्नी पिंटू की 24 अप्रेल को तबियत खराब होने पर उसे अस्पताल ले गए जहां से उदयपुर रेफर कर दिया गया। इस बीच 27 अप्रेल रात को उसकी मौत हो गई। इस पर उसके पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। मंगलवार शाम को पारू के परिजन चोखला बारा गांव पहुंचे और घर में तोडफोड की। सूचना पर ओगणा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि आक्रोशित लोग घरों में तोडफोड कर रहे थे लेकिन वहां मौजूद पुलिस उन्हें रोकने के बजाय वीडियो बनाने में लगे रहे। बुधवार सुबह मृतका पारू का भाई करण अपने साथियों के साथ फिर उपरेटा गांव पहुंचा और अपने जीजा पिंटू का अपहरण कर जंगल में ले गया जहां उसकी पत्थरों से पीट पीटर कर हत्या कर दी। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। डिप्टी विवेक सिंह राव के नेतृत्व में पुलिस के जवान तेनात किए गए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पिंटू अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। माता पिता के निधन के बाद अपने तीन छोटे भाई बहनों की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसकी मौत से पूरा परिवार बेहसहारा हो गया।
