- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
जनगणना 2027 हेतु फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ
सलूम्बर, 15 अप्रैल। जिले में आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को गति देते हुए 15 से 17 अप्रैल तक फील्ड ट्रेनर्स के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित पंचायत समिति सलूम्बर के सभागार में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों से चयनित कार्मिक भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश रॉय सापेला ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जो देश की नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करती है, इसलिए इसकी शुद्धता एवं पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपेक्षा जताई कि वे इस प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए सभी तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं को भली-भांति समझें, ताकि आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड में कार्य करते समय निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आमजन से संवाद स्थापित कर सही एवं सटीक जानकारी एकत्रित की जाए।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा जनगणना प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, प्रश्नावली की संरचना, डिजिटल उपकरणों के उपयोग, डेटा संग्रहण की तकनीक, त्रुटिरहित प्रविष्टि तथा गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
इस अवसर पर उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उपनिदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, सलूम्बर के शेल सिंह सोलंकी ने बताया कि जनगणना 2027 में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाएगा, जिससे डेटा संग्रहण की प्रक्रिया अधिक सटीक एवं त्वरित हो सके। इसके लिए फील्ड ट्रेनर्स को डिजिटल माध्यमों के संचालन का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिन प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, भवन गणना, जनगणना की पृष्ठभूमि, महत्व एवं विधिक प्रावधानों की जानकारी दी गई। आगामी दिनों में मॉड्यूल आधारित विस्तृत सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों का मूल्यांकन भी किया जाएगा, जिससे उनकी दक्षता का आकलन किया जा सके।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर्स देवेंद्र मेघवाल एवं प्रशांत सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
