- राजस्थान व्यूज़ |
- Uncategorized
डाकन कोटडा में सूने मकान में चोरों ने बोला धावा
उदयपुर। शहर से सटे डाकन कोटडा में सूने मकान से चोर नगदी व जेवरात चुरा ले गए। घटना के समय परिवार अपने बीमार पिता की तबियत जानने गांव गया हुआ था। पुलिस के अनुसार डाकन कोटडा स्थित पाश्र्वनाथ कॉलोनी निवासी रोशनलाल गर्ग ने दी रिपोर्ट में बताया कि पिता की तबियत खराब होने से वह अपने परिवार सहित गांव गया था। बीती रात को चोरों ने सूने मकान के सभी ताले तोडकर अंदर प्रवेश किया और सारा सामान बिखेरते हुए वहां रखे जेवरात व नगदी चुरा ले गए। सुबह लौटने पर चोरी की वारदात का पता चला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच जायजा लिया। पुलिस वहां लगे सीसीटीवी कैमरे से फुटेज प्राप्त कर संदिग्ध चारों का पता लगाने में जुटी है।
दक्षिण विस्तार में मकान से नगदी व सामान चोरी
उदयपुर। शहर के गोवर्धनविलास क्षेत्र स्थित दक्षिण विस्तार योजना में एक मकान से चोर नगदी व अन्य सामान चुरा ले गए। पुलिस के अनुसार मुकेश राठौड पुत्र बाबूलाल राठौड निवासी दीनदयाल नगर दक्षिणी विस्तार गोवर्धनविलास ने दी रिपोर्ट में बताया कि गत 11 मार्च को अज्ञात चोरों द्वारा उसके मकान में घुसकर फ्रीज, 32इंच एलईडी टीवी, 60 हजार रुपए नगद, एलपीजी गैस सिलेण्डर, चूल्हा, कूकर, कडाई, चार थाली, चार कटोरी, चार गिलास, चम्मच व अन्य खाना बनाने के बर्तन चोरी कर ले गए। पुलिस अनुसंधान करते हुए चोरों का पता लगाने में जुटी है।
बोहरा गणेशजी चौराहा पर मारपीट, मामला दर्ज
उदयपुर। शहर के अतिव्यस्तम बोहरा गणेशजी चौराहा पर युवकों के बीच मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार आयुषराज सिंह पुत्र राजेंद्रसिंह राव निवासी धारडा आसपुर हाल हिरणमगरी सेक्टर—4 अणुव्रत नगर ने विवेक हरिजन, हर्षराज माली व सूजल साहू के खिलाफ प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में आरोपियों द्वारा बोहरा गणेशजी चौराहा पर 29अप्रेल को सायं 7 बजे उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसी तरह गोगुंदा थाने में रोहिताश्वरसिंह पुत्र हिम्मतसिंह निवासी गोगुंदा ने चेनसिंह पुत्र देवीसिंह राजपूत निवासी फुटीया व अन्य तीन जनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपियों द्वारा परिवादी की खातेदारी कब्जेशुदा भूमि में अनाधिकृत प्रवेश करते हुए लोहे की एंगलों को तोड देने व तारबंदी को भी क्षतिग्रस्त कर देने व मौके पर लगे हुए लोहे के बोर्ड को चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शास्त्री सर्कल जुआ सट्टा खेलते पांच गिरफ्तार
उदयपुर। भूपालपुरा थाना पुलिस ने जुआ-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शास्त्री सर्कल क्षेत्र से पांच लोगों को गिरफ्तार उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शास्त्री सर्कल स्थित झिंझर होटल के सामने खाली पड़ी जमीन और बबूल की झाड़ियों के बीच कुछ लोग सट्टे के अंक लिखकर जुआ खेल रहे हैं। इस पर उपनिरीक्षक भगवतीलाल एवं पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देते हुए कमल मोची, मोहम्मद सुबाहान, नरेन्द्र गमेती, बंशीलाल भोई और भगवतीप्रसाद ब्राह्मण सहित अन्य लोगों को मौके से पकड़ा। पुलिस ने जुआ-सट्टे में उपयोग की जा रही सामग्री भी जब्त की है। मामले की जांच जारी है।
गोगुंदा में घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़
उदयपुर। जिले के गोगुंदा थानांतर्गत बगडुंदा गांव में घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार प्यारचंद गमेती ने रिपोर्ट दी कि आरोपी तेजाराम गमेती सहित 6-7 अन्य लोग उसके घर में घुस आए और लोहे के सरियों तथा लाठियों से हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट कर चोट पहुंचाई और घर में तोड़फोड़ भी की। घटना बगडुंदा ग्राम पंचायत छाली क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच हेड कांस्टेबल लोगरलाल कर रहे हैं।
डबोक में युवक का रास्ता रोककर मारपीट
उदयपुर। जिले के डबोक थानांतर्गत युवक का रास्ता रोककर मारपीट करने का मामला दर्ज किया है। घटना घणोली चौराहा क्षेत्र की है, जहां कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट की। पुलिस के अनुसार श्रवण सिंह रावत ने रिपोर्ट दी कि वह मूल रूप से ब्यावर जिले के मालपुरा क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में डबोक स्थित एक होटल में कार्यरत है। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि घणोली चौराहा क्षेत्र में दुर्गेश गवारिया सहित पांच अन्य लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक नवलसिंह और मनोहर सिंह कर रहे हैं।
डबोक के कुवारी माइंस क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी
उदयपुर। डबोक थाना क्षेत्र के माइंस इलाके में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस के अनुसार रोशनलाल मीणा ने रिपोर्ट दी कि अज्ञात चोर उसके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच उपनिरीक्षक मुकेश कुमार कर रहे हैं।
ओगणा में महिला का रास्ता रोककर मारपीट
उदयपुर। जिले में ओगणा क्षेत्र के बांसीवाड़ा गांव में महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार बांसीवाड़ा निवासी सीतादेवी ने रिपोर्ट दी कि रास्ते में आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। मामले में कालूसिंह और उसकी पत्नी दुर्गाबाई को आरोपी बनाया गया है। घटना बांसीवाड़ा क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच उपनिरीक्षक जयवीर के निर्देशन में की जा रही है।
ऋषभदेव में तलवार और सरियों से हमला
उदयपुर। जिले के ऋषभदेव क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है। घटना अजलाय क्षेत्र की है, जहां कुछ लोगों ने तलवार और सरियों से हमला कर युवक को घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार देवीलाल मीणा ने रिपोर्ट दी कि उसके पुत्र के साथ आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि लोकेश निवासी चिकला और उसके साथियों ने तलवार और लोहे के सरियों से हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जांच उपनिरीक्षक रमेश चंद्र कर रहे हैं।
ऋषभदेव में कार की टक्कर से गाय घायल
उदयपुर। जिले के ऋषभदेव के रायणा क्षेत्र में कार की टक्कर से गाय घायल हो गई। पुलिस के अनुसार लक्षिता पंचोली ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि रायणा क्षेत्र में वाहन चलाने के दौरान उनकी कार गाय से टकरा गई। हादसे में गाय घायल हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच हेड कांस्टेबल शंकरलाल कर रहे हैं।
गोगुंदा में 5 किलो से अधिक गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर। गोगुंदा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बोलेरो से 5 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गणेशजी का गुड़ा क्षेत्र में थानाधिकारी मुकेश सोनी के नेतृत्व में नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 5.044 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मामले में हरिराम और मनीष प्रजापत को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी बोलेरो में गांजा भरकर परिवहन कर रहे थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजा सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
उदियापोल पर महिला पुलिसकर्मी की स्कूटी से मोबाइल चुराया
उदयपुर। शहर के उदियापोल चौराहा पर शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी की दुस्साहसिक वारदात सामने आई। बेखौफ चोर ने सड़क किनारे खड़ी एक महिला पुलिसकर्मी की स्कूटी से मोबाइल फोन पार कर लिया। हालांकि पीछा किए जाने पर आरोपी मोबाइल फेंककर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार महिला पुलिसकर्मी अपनी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर किसी काम से गई थीं। इसी दौरान मौके की तलाश में बैठे एक चोर ने स्कूटी में रखा मोबाइल फोन निकाल लिया और वहां से भागने लगा। घटना पर आसपास मौजूद लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों की नजर पड़ गई। इसके बाद तुरंत आरोपी का पीछा किया गया। खुद को घिरता देख चोर ने मोबाइल फोन रास्ते में ही फेंक दिया और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि पुलिस ने मोबाइल बरामद कर लिया है, लेकिन शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक पर महिला पुलिसकर्मी को निशाना बनाए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और चोरों के बढ़ते हौसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
