दिगंबर जैन दशा हुमड महिला मंडल का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी
1 min read

दिगंबर जैन दशा हुमड महिला मंडल का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी

उदयपुर 14 अपे्रल। दिगंबर जैन दशा हुमड महिला मंडल का शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ, जिसमें नई कार्यकारिणी ने विधिवत शपथ लेकर संगठन को नई दिशा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, महिला सदस्यों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं शपथ ग्रहण दाता समाज के अध्यक्ष रमेश शाह एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज के सचिव पुष्पेंद्र धन्नावत उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने नवचयनित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए महिला मंडल की भूमिका को समाज निर्माण में महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें श्रीमती करिश्मा पंचोली को अध्यक्ष, श्रीमती रेखा जवारिया को सचिव एवं श्रीमती डिम्पल डागरिया को पूर्व अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई, साथ ही पूर्व सचिव श्रीमती शर्मिष्ठा सेठ की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसे सचिव श्रीमती रेखा जवारिया ने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष श्रीमती नीला बंडी ने वर्षभर का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत करते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही का परिचय दिया।
इससे पूर्व बलिचा स्थित ध्यानोदय मंदिर में प्रातःकाल शांति विधान का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सदस्यों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भाग लेकर धार्मिक वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। समारोह का संचालन हेमलता सरिया ने कुशलतापूर्वक किया। पूरे आयोजन में अनुशासन, व्यवस्था और उत्साह का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
नवगठित टीम के उत्साह और संकल्प ने यह स्पष्ट कर दिया कि महिला मंडल आने वाले समय में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।