बांसवाड़ा कोर्ट में पेशी पर आया आरोपी पुलिस को धक्का देकर फरार
1 min read

बांसवाड़ा कोर्ट में पेशी पर आया आरोपी पुलिस को धक्का देकर फरार

बांसवाड़ा। जिला एवं सेशन कोर्ट परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पेशी पर लाया गया एक आरोपी पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया। आरोपी कोर्ट परिसर में प्रवेश करने से ठीक पहले पुलिस को चकमा देकर भाग निकला, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
जानकारी के अनुसार फरार आरोपी 22 वर्षीय राकेश के खिलाफ करीब तीन साल पहले एक लड़की को भगा ले जाने का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में वह पूर्व में जेल भी जा चुका था और फिलहाल जमानत पर बाहर था। दानपुर थानाधिकारी लक्ष्मीचंद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ फरवरी माह से स्थाई वारंट जारी था। वारंट की तामील के लिए पुलिस ने बुधवार रात उसके घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया था। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हेड कॉन्स्टेबल लक्ष्मण और कॉन्स्टेबल दिनेशचंद्र उसे बाइक पर बैठाकर दानपुर से बांसवाड़ा सेशन कोर्ट पेशी के लिए लेकर आए थे। कोर्ट परिसर पहुंचते ही आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसका पीछा किया, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर नजरों से ओझल हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी की गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।