राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दिया कैट के भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 को पूर्ण समर्थन
1 min read

राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दिया कैट के भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 को पूर्ण समर्थन

उदयपुर, (राजस्थान व्यूज)। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने जयपुर में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से लोक भवन में कैट के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को तेज गति देने कैट द्वारा आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के लिए राजस्थान सरकार के सहयोग का आग्रह किया।
यह महोत्सव आगामी 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा। भारतीय व्यापार महोत्सव के टूरिज्म चेयरमैन एवं कैट के नेशनल बोर्ड मेंबर मनीष गलूंडिया ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश पटोदिया, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला, राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान प्रभारी मनोज गोयल तथा राजस्थान प्रदेश सचिव हेमंत प्रभाकर भी शामिल थे। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के लिए राजस्थान सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। कैट की राष्ट्रीय सह सचिव विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योग, व्यापार, पर्यटन, खनिज, कृषि आधारित उद्योग, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स तथा निर्यात के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कैट की इस पहल की सराहना की। बैठक में यह भी तय हुआ कि कैट द्वारा मई माह के दूसरे सप्ताह में जयपुर में एक भव्य राष्ट्रीय उद्यमिता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें राजस्थान के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री विशेष रूप से भाग लेकर उद्यमियों, व्यापारियों, स्टार्टअप्स और युवा वर्ग को संबोधित करेंगे। सम्मेलन की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।