राशन की 37 रिक्त दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित
1 min read

राशन की 37 रिक्त दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित

उदयपुर, 13 अप्रैल। जिला रसद कार्यालय (प्रथम एवं द्वितीय) द्वारा जिले के विभिन्न ब्लॉकों और शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने हेतु कुल 37 उचित मूल्य दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई है। पूर्व में पात्र आवेदन न मिलने के कारण विभाग ने इन रिक्तियों के लिए पुनः विज्ञप्ति जारी की है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 (शाम 6 बजे तक) के बीच आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र संबंधित जिला रसद कार्यालय से 100 रुपये का भारतीय पोस्टल ऑर्डर जमा करवाकर प्राप्त किए जा सकते हैं।

रिक्तियों का ब्लॉक-वार विवरण
जिला रसद अधिकारी प्रथम के तहत कुल 24 दुकानों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसमें नॉन-टीएसपी क्षेत्र में बडगांव, फतेहनगर सनवाड़, वल्लभनगर, भीण्डर और उदयपुर शहर के विभिन्न वार्डों में कुल 15 दुकानें रिक्त हैं।
टीएसपी क्षेत्र में भीण्डर, गिर्वा, बारापाल और कुराबड़ ब्लॉक में कुल 9 दुकानें रिक्त हैं। इनमें से कई दुकानें महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित की गई हैं।
इसी प्रकार रसद कार्यालय (द्वितीय) के तहत टीएसपी क्षेत्र में ऋषभदेव के गोडियावाड़ा, जलपका बी, कटेव, कानपुर पहाडा, पण्ड्यावाड़ा, झाड़ोल में झाड़ोल डी और रोहिमाला ए, कोटड़ा में डुङ्गरियां और डांग बी तथा गोगुन्दा (मजावडी- द्वितीय), खेरवाडा (बडला ए) और सायरा (नान्देशमा) में दुकानें रिक्त हैं।

यह रहेगी पात्रता
उचित मूल्य दुकानों के लिए आवेदक की शैक्षणिक योग्यता स्नातक होना और आरकेसीएल या समकक्ष कंप्यूटर प्रशिक्षण अनिवार्य है। स्नातक उपलब्ध न होने पर 12वीं पास पर विचार होगा। आवेदन की अंतिम तिथि को आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। 1 जनवरी 2015 के बाद दो से अधिक संतान वाले व्यक्ति आवेदन के लिए अपात्र होंगे। आवेदक के लिए शहरी क्षेत्र हेतु उसी वार्ड का और ग्रामीण क्षेत्र हेतु उसी पंचायत का निवासी होना अनिवार्य है। आवेदक के घर में कार्यशील शौचालय होना अनिवार्य है। विस्तृत जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइट का अवलोकन किया जा सकता है।