- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
सुविवि: उच्च शिक्षा के अतिरिक्त मुख्य सचिव रांका ने डीन्स, डायरेक्टर्स—विभागाध्यक्षों से किया संवाद
उदयपुर, (राजस्थान व्यूज)।उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप रांका ने शनिवार को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के समस्त डीन्स, डायरेक्टर्स और विभागाध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संवाद किया।
संवाद के दौरान रांका ने कहा कि दो दशक पहले की शिक्षा व्यवस्था और वर्तमान शिक्षा प्रणाली में व्यापक परिवर्तन आया है। ग्लोबलाइजेशन ने शिक्षा संस्थानों पर गहरा असर डाला है। अब स्किल नई करेंसी बन गई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स ने शिक्षा क्षेत्र में क्रांति ला दी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत युवाओं का देश है, इसलिए इन्हें स्किलफुल बनाने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
रांका ने नई शिक्षा नीति (NEP) की भविष्य की योजनाओं और संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सिल्वर इकोनॉमी, केयर इकोनॉमी और डिजिटल इकोनॉमी को नए दौर की प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं बताया। उन्होंने मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में रूसा (RUSA) के अंतर्गत ईसीएच (ECH) की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब छात्रों को नौकरी मांगने वाले की बजाय नौकरी देने वाले (जॉब क्रिएटर्स) बनाने की दिशा में सोचना होगा। साथ ही नई शिक्षक भर्तियों को तेजी से पूरा करने और मौजूदा शिक्षकों के करियर एडवांसमेंट को गति देने की बात कही। रांका ने आउटसाइड क्लासरूम लर्निंग को क्रेडिट देने का सुझाव दिया, जिसमें फील्ड विजिट और इंटर्नशिप पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने कहा कि पेंशन विश्वविद्यालय के रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए एक प्रमुख मुद्दा है। रिटायर्ड कर्मचारियों को नियमित पेंशन मिलती रहे, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने अपने पिछले छह महीनों के कार्यकाल को शानदार बताया और कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी अत्यंत कर्मठ और क्रियाशील हैं। संवाद के दौरान शिक्षकों ने अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप रांका के समक्ष अपनी विभिन्न जिज्ञासाएं और मुद्दे भी रखे। इससे पूर्व राका ने उदयपुर संभाग के सभी राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्यों से बातचीत की। समय पर प्रवेश शुरू करने, नवीन सत्र शुरू करने सहित कई विषयों पर दिशा निर्देश दिए।
