शादी का पहला कार्ड गणेशजी को,दूसरा सिलेंडर के लिए
1 min read

शादी का पहला कार्ड गणेशजी को,दूसरा सिलेंडर के लिए

 

गैस संकट ने बढ़ाई चिंता

उदयपुर, 15 अप्रैल: उदयपुर में इन दिनों शादी वाले घरों में एक नई परेशानी सामने आ गई है। वैशाख और ज्येष्ठ के विवाह मुहूर्त के बीच एलपीजी सिलेंडर की कमी ने लोगों को परेशान कर दिया है। हालात यह हैं कि लोग शादी का पहला निमंत्रण भगवान गणेशजी को चढ़ाने के बाद दूसरा कार्ड जिला रसद विभाग (DSO) कार्यालय में जमा कराने पहुंच रहे हैं, ताकि विवाह के लिए गैस सिलेंडर मिल सके।
दरअसल, ईरान-इजराइल युद्ध के असर से गैस सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर शादी आयोजनों पर पड़ रहा है। कलेक्ट्रेट स्थित रसद विभाग में इन दिनों लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जहां लोग आवेदन के साथ शादी के कार्ड जमा कर सिलेंडर की मांग कर रहे हैं।
खाद्य एवं रसद विभाग के निर्देशानुसार, शादी वाले परिवारों को आवेदन के साथ निमंत्रण पत्र देना अनिवार्य किया गया है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में अधिकतम 3 और ग्रामीण क्षेत्रों में 2 कॉमर्शियल सिलेंडर देने का प्रावधान तय किया गया है।
आठ—दस टंकियां तो चाहिए
हालांकि, लोगों का कहना है कि यह संख्या शादी जैसे बड़े आयोजनों के लिए नाकाफी है। हिरणमगरी निवासी हरीश लोहार का कहना है कि “तीन सिलेंडर में शादी का काम कैसे चलेगा, कम से कम 8-10 टंकियां मिलनी चाहिए।” वहीं झाड़ोल क्षेत्र के ओगणा से आए सुरेश कुमार ने बताया कि उनके परिवार में एक साथ कई शादियां हैं, लेकिन गैस एजेंसी ने सीधे रसद विभाग से प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक व्यवस्थाएं अपनाएं। जरूरत पड़ने पर कोयला और लकड़ी की भट्टियों का उपयोग करें, साथ ही मेहमानों की संख्या और भोजन के मैन्यू को सीमित रखें। लगातार बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति के बीच यह गैस संकट शादी वाले परिवारों के लिए नई चुनौती बनता जा रहा है।