सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ अम्बेडकर जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह
1 min read

सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ अम्बेडकर जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह

1,363 करोड़ रुपए की राशि का DBT हस्तांतरण, ‘समाधान साथी’ AI चैटबॉट का शुभारंभ
जिला मुख्यालय पर हुआ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू सहित जनप्रतिनिधि अधिकारी व आमजन रहे मौजूद
भीलवाड़ा, 14 अप्रैल। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती सामाजिक न्याय, समानता एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा को सशक्तिकरण का मूल आधार मानते हुए वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान हेतु अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्होंने छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा तथा महिलाओं को समान अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए, जिनका प्रभाव आज भी समाज के प्रत्येक वर्ग में परिलक्षित होता है।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने यह विचार जयपुर के भवानी निकेतन परिसर से भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के 135 वीं जयन्ती समारोह पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समावेशी एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए उनका अनुसरण करना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बाबा साहब के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से क्रियान्वित की जा रही हैं, जिससे सामाजिक एवं आर्थिक समानता को बल मिला है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय, सुशासन एवं पारदर्शिता के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी नागरिक बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात करते हुए एक समतामूलक, न्यायपूर्ण एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
समारोह के दौरान उन्होंने प्रदेश के पेंशन एवं पालनहार योजना के लाभार्थियों को ₹1,363 करोड़ की राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हस्तांतरण किया गया।
इस पहल से प्रदेश के लाखों पात्र लाभार्थियों को प्रत्यक्ष आर्थिक संबल प्राप्त होगा तथा उनकी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं छात्रवृत्ति योजना के लिए एआई (AI) चैट-बोट संचालित संवादात्मक हेल्प डेस्क व्हाट्सएप नंबर 7690080055 ”समाधान साथी” का शुभारम्भ किया गया। इसके माध्यम से नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुलभ सहायता प्राप्त हो सकेगी।
जिला मुख्यालय स्थित नगर निगम टाउनहॉल में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रतिभा देवटिया, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, नगर विकास न्यास के ओएसडी चिमनलाल, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।