सेक्टर 13 में सिटी बस स्टॉप ध्वस्तीकरण कर नए स्टॉप का निर्माण- जनहित या अनियमितता
1 min read

सेक्टर 13 में सिटी बस स्टॉप ध्वस्तीकरण कर नए स्टॉप का निर्माण- जनहित या अनियमितता

उदयपुर। देहात जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव प्रदीप त्रिपाठी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महासचिव भारत रामानुज ने शहर के हिरण मगरी सेक्टर 13 स्थित वर्षों पुराने सिटी बस स्टॉप को षड्यंत्रपूर्वक तरीके से ध्वस्त किए जाने एवं सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में जिला कलेक्टर से पुनः निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग कर पुनः उसी स्थान पर आधुनिक एवं व्यवस्थित सिटी बस स्टॉप निर्माण का आग्रह किया।
पूर्व महासचिव प्रदीप त्रिपाठी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महासचिव भारत रामानुज ने बताया कि गत 16 अप्रैल  को जिला स्तरीय जनसुनवाई में प्रस्तुत परिवाद का प्रारम्भिक निस्तारण गलत तथ्यों के आधार पर किया गया। बाद में राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर अपलोड जवाब में यह स्वीकार किया गया कि पूर्व में शिकायतों के जवाब त्रुटिवश बदलकर अपलोड हो गए थे। प्रदीप त्रिपाठी और भारत रामानुज ने नगर निगम के अधिकारीयों पर आरोप लगाया गया है कि अरावली गैस सर्विस कार्यालय के सामने स्थित पुराने बस स्टॉप (सरकारी सम्पत्ति) को अतिक्रमण मान कर सड़क चौड़ीकरण के नाम पर व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए हटाया गया, जबकि इसी बस स्टॉप के सामने एक मकान मालिक द्वारा सड़क सीमा में विकसित किए गए गार्डन/अतिक्रमण एवं अन्य अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई समान, पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप होनी चाहिए थी। आंशिक या चयनात्मक कार्रवाई से नगर निगम की निष्पक्षता पर शंका हो रही है। साथ ही यह भी प्रश्न उठाया गया कि यदि बस स्टॉप सड़क में बाधा था और क्षेत्र में अभी सिटी बसों का संचालन नहीं हो रहा है तो उसी सड़क पर कुछ दूरी पर सेक्टर 13 के श्मशान घाट के पास एक नया और अनुपयोगी बस स्टॉप ढांचा क्यों बनाया गया। निगम के अधिकारी इस पुरे प्रकरण में निगम की निर्माण समिति के तत्कालीन अध्यक्ष का नाम लेकर अपना बचाव कर रहे हैं। इससे निगम के अधिकारी सन्देह के दायरे में आते हैं। उन्होंने बताया कि सम्बन्धित भूखण्ड पर निर्माण कार्य नियमानुसार नहीं है और भूखण्ड पर बनी तीन दूकानों को निगम ने ही सीज कर रखा है तो पूर्व स्थान पर ही प्राथमिकता के आधार पर आधुनिक और व्यवस्थित सिटी बस स्टॉप का पुनः निर्माण कराया जाए।