केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने नगर पालिका को सौंपा 15 किलो प्लास्टिक
1 min read

केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने नगर पालिका को सौंपा 15 किलो प्लास्टिक

लसानी,(राजस्थान व्यूज)। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत देवगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में बुधवार को अनुकरणीय पहल देखने को मिली। नगर पालिका देवगढ़ द्वारा स्वच्छता के प्रति जन-भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, देवगढ़ में प्लास्टिक संग्रहण उत्सव का आयोजन किया गया। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पिंटू लाल जाट के कुशल निर्देशन में आयोजित इस विशेष अभियान का मुख्य आकर्षण विद्यालय के नन्हे विद्यार्थी रहे। विद्यार्थियों ने मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी के नारे को धरातल पर उतारते हुए अपने घरों से व्यर्थ पड़ा प्लास्टिक कचरा, पुरानी बोतलें और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक करीब 15 किलो एकत्रित किया और नगर पालिका की टीम को सौंपा। बच्चों के इस उत्साह ने साबित कर दिया कि जागरूकता की शुरुआत यदि बचपन से हो, तो समाज में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। कार्यक्रम में स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर भावना पालीवाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य या औपचारिकता नहीं, बल्कि यह एक संस्कार है जिसे हमें अपने जीवन में ढालना होगा। आज इन नन्हे हाथों ने जो प्लास्टिक कचरा जमा किया है, वह केवल वेस्ट नहीं है, बल्कि एक सुंदर और सुरक्षित भविष्य की नींव है। जब बच्चे जागरूक होते हैं, तो वे पूरे परिवार और समाज के लिए मार्गदर्शक बनते हैं। उन्होंने वेस्ट टू वंडर की अवधारणा पर जोर देते हुए बताया कि कैसे एकत्रित प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण कर उसे उपयोगी वस्तुओं में बदला जा सकता है। नगर पालिका के एमआईएस इंजीनियर शिवराज मीणा और उनकी टीम ने संग्रहण की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया। इस उत्सव ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि कचरा प्रबंधन केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का मौलिक कर्तव्य है। जब बच्चे घर से प्लास्टिक चुनकर उसे सही जगह पहुँचाने का बीड़ा उठाते हैं, तो यह समाज के बड़े वर्गों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश बन जाता है। इस अभियान में विद्यालय परिवार से प्रभु सिंह, एल. आर. सालवी, मोनिका कुमारी, लोकेश जीनगर, कंचन चौहान, लता चौहान, विद्यार्थियों में अहर्निशा शर्मा, प्रियवर्धन सिंह,  प्रथंजय, लव उपाध्याय, रमण, जाग्रत, मानविका रेगर, हेमांक जोशी, दर्शील वर्मा, लविन सोलंकी, कुलविंदर सिंह, हर्ष्मी, अनुराज सिंह और ओम्निश सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विद्यालय के शिक्षकों ने भी नगर पालिका की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के व्यावहारिक कार्यक्रमों से छात्रों में किताबी ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व  का विकास होता है।
000