- राजस्थान व्यूज़ |
- बांसवाड़ा
शिव कॉलोनी से बैंक कर्मचारी संदिग्ध हालात में लापता, मोबाइल कमरे पर छोड़ गया
बांसवाड़ा। शहर की शिव कॉलोनी से एक बैंक कर्मचारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक अपना मोबाइल फोन कमरे पर ही छोड़कर निकला था और इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जयपुर के जगतपुरा (विवेक विहार) निवासी पवन अग्रवाल (36) पुत्र सत्यनारायण गुप्ता, बांसवाड़ा स्थित राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय में कार्यरत हैं। वे शिव कॉलोनी में अपने सहकर्मी विक्की कुमार गुप्ता के साथ किराए के कमरे में रहते थे।
विक्की कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच पवन अचानक कमरे से कहीं चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर जब उन्हें कॉल किया गया तो पता चला कि उनका मोबाइल फोन कमरे पर ही पड़ा है।
सीसीटीवी में डूंगरपुर रोड की ओर जाते दिखे
परिजनों और सहकर्मियों ने अपने स्तर पर पवन की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में पवन डूंगरपुर रोड की ओर पैदल जाते हुए दिखाई दिए हैं। इसके बाद उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
पुलिस जुटी जांच में
कोतवाली थाना पुलिस ने विक्की कुमार गुप्ता की रिपोर्ट पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस टीम डूंगरपुर रोड के आगे के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि लापता होने के कारणों का पता लगाया जा सके।
सीआई बुधाराम बिश्नोई ने बताया कि पवन एक स्थान पर बैग लेकर जाते हुए भी सीसीटीवी में नजर आए हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
