- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
शिविर में बच्चों में व्यवहारिक समस्याओं का किया निवारण
उदयपुर,(राजस्थान व्यूज)। मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय से संबद्ध राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय, मोती चौहट्टा, उदयपुर में बाल रोग विभाग द्वारा बच्चों में मानस विकारों से संबंधित एक दिवसीय निःशुल्क चल चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार शर्मा की अध्यक्षता, चिकित्सालय प्रभारी प्रो. रवि शर्मा तथा विभागाध्यक्ष प्रो. राम कुमार भामू के निर्देशन में संपन्न हुआ। शिविर में बच्चों में प्रचलित विभिन्न मानसिक विकारों जैसे मंद बुद्धि, ऑटिज़्म, ए.डी.एच.डी. तथा अन्य व्यवहारिक एवं मानसिक समस्याओं के संबंध में विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही आवश्यकता अनुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया। इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर में कुल 20 बच्चों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। अभिभावकों को बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहार सुधार, दिनचर्या, आहार-विहार तथा आयुर्वेदिक उपचार पद्धति के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे वे अपने बच्चों की बेहतर देखभाल कर सकें। शिविर प्रभारी एवं सह आचार्य बालरोग विशेषज्ञ डॉ. कनुप्रिया गुप्ता के नेतृत्व में स्नातकोत्तर अध्येता डॉ. भगवाना राम, डॉ. शांतिलाल तथा डॉ. हरिशंकर ने सक्रिय रूप से अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। सभी चिकित्सकों ने बच्चों की जांच कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। महाविद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। मीडिया प्रभारी डॉ इकबाल खान गौरी ने बताया कि यह शिविर बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य संरक्षण एवं जनजागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ है।
