- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
उदयपुर में लोयरा की फर्नीचर फैक्ट्री में लगी आग
उदयपुर,(राजस्थान व्यूज)। शहर से करीब 10 किमी दूर स्थित लोयरा में बंद पडे श्रुति सिंथेटिक्स परिसर में चल रही फर्नीचर फैक्ट्री में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में हवा के झोंके के साथ आग ने विकराल रूप ले लिया जिससे उठता धुआ दो तीन किलोमीटर दूर से दिखाई देता रहा। आग से फर्नीचर फैक्ट्री के पीछे की तरफ पडे वेस्ट मेटेरियल जलकर राख हो गया। आग पर पांच दमकल वाहनों ने बडी मशक्कत के बाद काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 11 बजे फैक्ट्री परिसर में विद्युत पोल में अचानक हुए धमाके से नीचे गिरी चिंगरियों के कारण वहां पडे वेस्ट मेटेरियल ने आग पकड ली। तेज हवा चलने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और काफी बडे हिस्से में फैल गई। फैक्ट्री परिसर से आग की लपटो के साथ घना काला धुआं उठता देख लोयरा के ग्रामीणों की भीड जमा हो गई। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया ताकि आग फैक्ट्री में तैयार हो रहे फर्नीचर तक पहुंचने से रोका जा सके। आग की सूचना पर नगर निगम के पांच दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और बडी मशक्कत से आग पर काबू पाया। दोपहर करीब तीन बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। आग से तैयार नया फर्नीचर बच गया जिससे फैक्ट्री को एक बडा नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री के बाहर श्रुति सिंथेटिक्स का बोर्ड लगा हुआ है लेकिन यह फैक्ट्री कई सालों से बंद पडी थी। कुछ समय पहले ही यहां फर्नीचर फैक्ट्री शुरू हुई है। दमकल कर्मचारियों के अनुसार परिसर में पडे फोम व पॉलिथीन सामग्री में आग लगने से काला धुआं ज्यादा फैला। प्रारंभिक जांच में बिजली के पाल में शार्टसर्किट की वजह से आग लगने का कारणमाना जा रहा है।
