उदयपुर में सांसद, विधायक ने दिखाई हरी झण्डी दिखा शुरू किया ग्राम रथ अभियान
1 min read

उदयपुर में सांसद, विधायक ने दिखाई हरी झण्डी दिखा शुरू किया ग्राम रथ अभियान

उदयपुर,(राजस्थान व्यूज)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में प्रस्तावित ग्लोबल राजस्थान एग्रोटेक मीट के तहत किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए ग्राम रथ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ मंगलवार को सूचना केंद्र में किया गया। सांसद डाॅ मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी एवं जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने रथों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि ग्राम रथ अभियान सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं, ऐसे में यह अभियान गांव-गांव जाकर जागरूकता बढ़ाएगा और अधिक से अधिक किसानों एवं ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने में मददगार साबित होगा। उन्होंने इस पहल को समृद्ध किसान-खुशहाल राजस्थान के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास और किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंचेगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचेगा। इससे पूर्व अभियान के नोडल अधिकारी जिला परिषद सीईओ विरमा राम, उपनिदेशक जनसंपर्क गौरीकान्त शर्मा आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व उप सभापति महेंद्रसिंह शेखावत, संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) सुधीर वर्मा, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज जैन, उपनिदेशक उद्यानिकी डाॅ कैलाशचंद्र शर्मा, उप पंजीयक सहकारी समितियां लोकेश जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। नोडल अधिकारी विरमा राम ने बताया कि अभियान के तहत आगामी 15 दिनों तक एलईडी स्क्रीन युक्त मोबाइल वैन ग्राम रथ जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंचेंगे। इन रथों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी एलईडी स्क्रीन के जरिए किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री का संदेश और संवाद कार्यक्रमों का प्रसारण भी किया जाएगा। हर ग्राम रथ में सुझाव पेटिका रखी गई है, जिससे ग्रामीणों के सुझाव एकत्र किए जाएंगे। रथों की लाइव लोकेशन और गतिविधियों की फोटो डीओएमएस ऐप पर अपलोड की जाएगी। अभियान में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास सहित कुल 13 विभाग शामिल हैं, जो अपनी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।