- राजस्थान व्यूज़ |
- जैसलमेर
जैसलमेर में बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध मौत, लूट के लिए हत्या की आशंका
जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर जिले में मोहनगढ़ क्षेत्र की भील बस्ती में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग दंपती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान लाखाराम (90) और उनकी पत्नी रेशमा (85) के रूप में हुई है। दोनों घर में अकेले रहते थे। सुबह करीब 9 बजे भांजे चंदाराम के पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ। लाखाराम का शव आंगन में और रेशमा का शव कमरे में पड़ा मिला।
प्रारंभिक जांच में रेशमा के पैरों से चांदी के कड़े गायब मिले हैं, जिससे लूट के इरादे से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घर के आसपास संदिग्ध पैरों के निशान भी मिले हैं। सूचना पर थाना प्रभारी बाबूराम डेलू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
एसपी अभिषेक शिवहरे के अनुसार, प्रथम दृष्टया शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोहनगढ़ भेजा गया है। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
