महाराणा प्रताप के प्रति श्रद्धा को संकल्प में बदलें-निम्बाराम
1 min read

महाराणा प्रताप के प्रति श्रद्धा को संकल्प में बदलें-निम्बाराम

उदयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम ने आह्वान किया है कि महाराणा प्रताप के प्रति जनमानस में जो श्रद्धा, आस्था और सम्मान का भाव है उसे संकल्प में बदलना होगा, तभी हम विशेष विचाराधारा के इतिहासकारों द्वारा मढ़ दिए गए महाराणा प्रताप और मेवाड़ के इतिहास के त्रुटिपूर्ण तथ्यों में तथ्यपरक सुधार कर अदम्य शौर्यपूर्ण इतिहास को विश्व पटल पर गौरवान्वित कर पाएंगे। निम्बाराम बुधवार देर शाम यहां प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ में मेवाड़-वागड़ से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र और सर्व समाज के सहयोग से महाराणा प्रताप जयंती ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया 17 जून को उदयपुर में होने वाले हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती समारोह की वृहद तैयारियों के तहत आयोजित इस बैठक में निम्बाराम ने कहा कि यह कोई सामान्य रैली या आमसभा नहीं है, यहां समाजजन महाराणा प्रताप के प्रति अगाध श्रद्धा के विचार के साथ आएंगे और आग्रह रहेगा कि प्रताप के प्रति समर्पण के दृढ़ संकल्प के साथ लौटें। बैठक के आरंभ में प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती 17 जून को है और हल्दीघाटी विजय दिवस 18 जून को, इसी संयोग के साथ 17 जून को उदयपुर के महाराणा भूपाल स्टेडियम गांधी ग्राउंड में विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा का आयोजन किया जा रहा है। इस सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे। बैठक में वनवासी कल्याण आश्रम के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री भगवान सहाय ने 24 मई को दिल्ली में होने वाले विराट जनजाति सांस्कृतिक समागम की जानकारी दी। बैठक में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. बी.पी. शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चित्तौड़ प्रांत के कार्यवाह शंकर माली मंचासीन रहे। आभार समिति के महामंत्री दीपक कुमार शुक्ल ने ज्ञापित किया। बैठक में ‘बप्पारावल’ मासिक पत्रिका की सम्पादक डॉ. राधिका लढ़ा द्वारा लिखी गई ‘तीर्थस्थल एवं जननायक-जनजाति क्षेत्र राजस्थान’ पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।