- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
वरिष्ठ नागरिकों की समस्या समाधान के लिए अलग से गठित हो बोर्ड-भंवर सेठ
उदयपुर,(राजस्थान व्यूज)। वरिष्ठ नागरिक संगठन के अध्यक्ष भंवर सेठ ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार को 13 सूत्रीय मांग पत्र प्रेषित किया है। पत्र में सेठ ने मांग की कि राजस्थान में वरिष्ठ जनों की समस्याओं के लिए अलग से पूर्ववत एक बोर्ड का गठन किया जाए जिसमें वरिष्ठ नागरिक संगठन का जिला एवं प्रदेश स्तर पर प्रतिनिधित्व हो। इस बोर्ड से वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो सकेगा। प्रत्येक जिले में वरिष्ठ जनों के लिए अलग से एक भवन बनाया जाए जिसमें वरिष्ठ नागरिक अपनी प्रतिदिन की गतिविधियां कर सके ताकि वरिष्ठ नागरिक अपने एकाकीपन से मुक्त हो सके एवं सामूहिक जीवन यापन कर सके। वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की जाए। वरिष्ठ नागरिकों को अपने उपचार के लिए निकटतम अस्पताल में सुविधा मिले। इस हेतु उनके जांच आदि की दरे अलग से निर्धारित की जावे तथा सरकारी स्तर पर मोहल्ला क्लिनिक स्थापित किए जावे। प्रत्येक अस्पताल में चाहे वह सरकारी हो या प्राइवेट, वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता और सम्मान के साथ निशुल्क चिकित्सा प्रदान की जाए। वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रत्येक जिले में जियेरेटिक वार्ड की स्थापना की जाए। सभी निजी एवं राज्य परिवहन बसों में वरिष्ठजनों को बस किराए में 50 प्रतिशत रियायत दी जाए। यह रियायत सभी बसों यथा डीलक्स एवं सुपर डीलक्स बसों में भी लागू की जावे। सभी बसों में कम से कम पांच सीटें वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित हो। इसी तरह सिटी बसों में भी सीटों को आरक्षित किया जाए। वरिष्ठ नागरिक जो अकेले रहते हैं, उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस बीट व्यवस्था को अनिवार्य, प्रभावी व सुरक्षित बनाया जाए। राजस्थान राज्य एवम प्रत्येक जिला स्तर पर वरिष्ठ जन आयोग बोर्ड में वरिष्ठ नागरिक संस्थान को प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाए। इससे संस्थाएं प्रभावी कार्य कर सकेगी। इसी तरह विभिन्न परिवारों में पीड़ित वरिष्ठ जनों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए जिला स्तर पर प्रत्येक जिले में, प्रशासन के साथ एक समिति का गठन किया जावे जिसमें सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ जन संस्थाओं के प्रतिनिधि, अधिकारी के साथ मिलकर वरिष्ठ जनों को प्रताड़ना से मुक्त करा सके। जो वरिष्ठ नागरिक अकेले रह रहे हैं, उनके लिए अलग से केयरटेकर के पदों का सृजन किया जाए। वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन सम्मानजनक, कम से कम 5000 रुपए प्रतिमाह प्रदान की जाए।
