विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर में चिकित्सा अधिकारियों की समीक्षा बैठक कर चिकित्सा सेवाओं का सुदृढ़ीकरण करने के निर्देश दिए
1 min read

विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर में चिकित्सा अधिकारियों की समीक्षा बैठक कर चिकित्सा सेवाओं का सुदृढ़ीकरण करने के निर्देश दिए

कोटड़ा सैटेलाइट अस्पताल के नए भवन निर्माण को प्राथमिकता

ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों की प्रक्रिया में तेजी

जयपुर, 17 अप्रैल। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आमजन को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सर्किट हाउस में अजमेर में चिकित्सा विभाग से संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में क्षेत्र में चिकित्सा विभाग से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने राजकीय सैटेलाईट चिकित्सालय, कोटड़ा के नवीन भवन निर्माण कार्य की प्रगति पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, शेष कार्यों की समयसीमा एवं अस्पताल का शीघ्र संचालन प्रारंभ करने को लेकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द ही आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इसी क्रम में डीएमएफटी मद से विधानसभा क्षेत्र के सात सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए स्वीकृत पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों की निविदा प्रक्रिया की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निविदा प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर मशीनों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में ही मरीजों को जांच सुविधा उपलब्ध हो सके और बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम हो।

वर्तमान में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में चिकित्सकों की अनियमित उपस्थिति की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी केन्द्रों पर चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आमजन को निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।

बैठक में गणेश गुवाड़ी, सरावगी मोहल्ला, काजीपुरा एवं नला बाजार में विकसित किए जा रहे नए आयुष्मान केन्द्रों के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पंचशील नगर में विधायक कोष से स्थापित सोनोग्राफी मशीन रेडियोलॉजिस्ट के अभाव में उपयोग में नहीं आने पर उसे कोटड़ा सैटेलाइट अस्पताल में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि मशीन का प्रभावी उपयोग कर मरीजों को समय पर जांच सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।