मुख्यमंत्री से छात्रवृत्ति समस्या के समाधान की मांग
1 min read

मुख्यमंत्री से छात्रवृत्ति समस्या के समाधान की मांग

उदयपुर। राज्य के एससी, एसटी, ओबीसी, एसबीसी, ईब्ल्यूएस व बीपीएल वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरण में आ रही गंभीर समस्याओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शीघ्र समाधान का आग्रह किया है। शर्मा ने बताया कि वर्तमान में केंद्र एवं राज्य छात्रवृत्ति अलग-अलग जारी होने, भुगतान में देरी तथा लंबित आवेदनों के कारण हजारों विद्यार्थियों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई मामलों में स्वीकृति के बावजूद भी पूरी राशि समय पर नहीं मिल रही, जिससे विद्यार्थियों पर फीस का दबाव बढ़ रहा है और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शर्मा ने यह भी कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया की जटिलता, बायोमेट्रिक सत्यापन में तकनीकी समस्याएँ, ओबीसी छात्रों को अपर्याप्त राशि तथा EWS वर्ग के लिए स्पष्ट योजना का अभाव स्थिति को और गंभीर बना रहा है। विशेष रूप से प्रोफेशनल एवं टेक्निकल कोर्स के विद्यार्थियों के लिए यह समस्या अत्यंत चिंताजनक है। शर्मा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि छात्रवृत्ति राशि एकमुश्त जारी किया जाए, लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण हो, समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही OBC छात्रवृत्ति राशि में वृद्धि और EWS वर्ग के लिए प्रभावी योजना लागू करने की भी मांग की गई है।