- राजस्थान व्यूज़ |
- ताजा खबरें
सेंट्रल जेल में बंदियों के जानलेवा हमले में दो बंदी गंभीर घायल
उदयपुर। उदयपुर के केंद्रीय कारागृह में बीते दिनों जेल अधिकारियों व कार्मिकों पर हमले बाद अब बंदियों ने जेल में बंदियों पर ही जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमला पूर्व में मारपीट के मामले में कानूनी कार्रवाई करवाने पर किया गया। पुलिस के अनुसार जेल प्रहरी प्रवीण विश्नोई व बंशीलाल ने असलम खान उर्फ तोता पुत्र शमीम, अतिम जटिया पुत्र रामविलास, अयान खान पुत्र निसार खान, अवधेश पुत्र राजवीर, अभिषेक उर्फ अर्जुन पुत्र सुरेश कुमार, अर्जुन पुत्र संजू कुमार, तरुण यादव पुत्र परमानंद और प्रिंस शर्मा पुत्र हरिओम के खिलाफ सूरजपोल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया कि केंद्रीय कारागृह में चार मई को सुबह पौने नौ बजे विचाराधीन बंदी रणजीत पुत्र लखमा एवं भूताराम पुत्र होमा द्वारा स्वयं के साथ मारपीट एवं गाली गलोच करने वाले बंदियों के खिलाफ कानून कार्रवाई करवाने पर आरोपियों ने उनके सिर पर पत्थर से वार किए जिससे सिर में चोट लगने से बंदी घायल हो गए एवं सिर पर गहरा घाव हो गया। इन बंदिया ने मिलकर जेलकर्मियों के साथ हाथ से मारपीट भी की जिसके कारण उनके शरीर पर अन्य चोटो भी आई है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक महेश चंद्र द्वारा की जा रही है। बता दें विगत दिनों भी सेंट्रल जेल में नियमित जांच पडताल के दौरान बंदियों ने जेल अधिकारियों व सुरक्षा कार्मिकों के साथ मारपीट की थी।
कपडे लेने का कहकर निकली किशोरी नहीं लौटी
उदयपुर। जिले के नाई थानांतर्गत बछार गांव में कपडे लेने के लिए कहकर निकली किशोरी घर नहीं लौटी। पुलिस के अनुसार बंशीलाल पुत्र रामलाल मीणा निवासी मादडी फला सुखीथल नाई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री 30 अप्रेल को सुबह 10—11 बजे झाडोल कपडे लेने के लिए कहकर निकली थी जो शाम तक घर पर नहीं आई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं कोई पता नहीं चला। पुलिस लापता किशोरी को तलाश करने में जुटी है।
ज्वेलर्स के साथ मारपीट
उदयपुर। शहर के सविना क्षेत्र में ज्वेलर्स के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार सविना स्थित बांसवाडा ज्वेलर्स के मालिक अजय कुमार पुत्र जयंतीलाल निवासी महुवाडा करेव, कल्याणपुर हाल विजय सिंह पथिकनगर ने संजू ओड व उसके अन्य साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में उसके साथ आरोपियों द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वीआईपी कॉलोनी में तलवार से हमला
उदयपुर। शहर के सविना थानांतर्गत वीआईपी कॉलोनी में किशोर पर तलवार से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रिंस ओड पुत्र कालू ओड निवासी विजय सिंह पथिक नगर ने भावेश हरिजन निवासी लाल मगरी पियूडा और अन्य दोस्त अर्जुन रंगास्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में अपने दोस्तों चिराग पियूडा अर्जुन रंगास्वामी के साथ वीआईपी कॉलोनी में आए भावेश ने तलवार घुमाई जिससे उसके दाएं हाथ पर चोट आई और उसके वाहन को भी नुकसान किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेस्टोरेंट में युवक पर बेसबॉल से हमला, गंभीर घायल
उदयपुर। शहर के एकलिंगपुरा क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट में युवक पर बेसबॉल से ताबडतोड वार करने का मामला दर्ज किया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार प्रियंका राजावत पुत्री बलवीर सिंह राजावत निवासी न्यू विद्यानगर हिरणमगरी सेक्टर—4 ने सविना थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि चार मई को उसके भाई व साथी पर बेस बॉल से ताबडतोड वार करना शुरू कर दिया जिससे गंभीर चोटे आई है। उसे गीतांजलि हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है जहां उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर हमलावरों को गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी है।
उदयपुर सिटी में अलग—अलग जगह से चार बाईक व एक स्कूटी चोरी
उदयपुर। शहर में मोटरसाइकिल चोरी की लगातार हो रही वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही। पुलिस की ढिली होती पकड के चलते चोरों के हौंसले बुलंद हो रहे है। बीते दिनों में ही अलग अलग जगहों से अज्ञात चोर चार बाइक और एक स्कूटी चुरा ले गए। प्रतापनगर ए—ब्लॉक से एक बाईक चोरी हो गई। पुलिस के अनुसार घनश्याम चिमनानी पुत्र स्व टेकचंद चिमनानी निवासी ए—ब्लॉक प्रतापनगर ने दी रिपोर्ट में बताया कि दो मई की रात को उसकी बाईक अज्ञात चोर चुरा ले गया। पुलिस बाइक चोर की तलाश में जुटी है। इसी तरह अनिल कुमार पुत्र मन्नालाल मीणा निवासी लक्ष्मीपुरा लराठी खेरवाडा ने हिरणमगरी थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि रेती स्टेण्ड गली में एलआईसी बिल्डिंग के सामने से 30 अप्रेल की रात्रि में उसकी बाईक अज्ञात चोर चुरा ले गया। वहीं नरेश माली पुत्र कालूलाल माली निवासी मालियों की बावडी हनुमान मंदिर के पास एमडी कांकरोली जिला राजसमंद हाल बप्पा रावल नगर हिरणमगरी ने हिरणमगरी थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि बप्पा रावल नगर स्थित मकान से 21 अप्रेल की रात्रि में उसकी बाईक अज्ञात चोर चुरा ले गया। वहीं अजय खटीक पुत्र भेरूलाल खटीक निवासी सांगवा घासा हाल सुभाषनगर ने हिरणमगरी थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि हिरणमगरी सेक्टर—3 स्थित श्रीनाथ लाइब्रेरी से 4 मई को दोपहर दो बजे से चार बजे के बीच उसकी बाईक अज्ञात चोर चुरा ले गया। वाहिद नूर कुरैशी पुत्र मोहम्मद नूर निवासी गांधीनगर पहाडा ने दी रिपोर्ट में बताया कि सुभाषनगर से तीन मई को दोपहर करीब ढाई बजे उसकी स्कूटी अज्ञात चोर चुरा ले गया।
धंधे में रुपयों की जरुरत होने पर दिए चेन व ब्रॉसलेट नहीं लौटाए
उदयपुर। शहर के भूपालपुरा थानांतर्गत कबाड के धंधे में रुपयों की जरुरत होने पर लिए चांदी के चेन व ब्रासलेट वापस नहीं लौटाकर धोखाधडी करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार मुकेश जाटव पुत्र हरिप्रसाद जाटव निवासी भूपालपुरा मोक्ष मार्ग ने निखिल पुत्र जीवराज मेघवाल निवासी ग्लास फैक्ट्री सुुंदरवास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में आरोपी द्वारा सितम्बर 2025 में उससे अपने भंगार के धंघे में रुपया की आवश्यकता बता पुरानी जान पहचान एवं पारिवारिक संबंध होने की वजह से विश्वास कर अपनी चांदी व ब्रॉसलेट करीब 230 ग्राम वजन के ले लिए गए। उक्त चेन व ब्रॉसलेट को पुन: लौटाने बाबत प्रार्थी द्वारा आरोपी को कई बार फोन पर कहा गया तो वह टालमटोल करता। प्रार्थी द्वारा आरोपी से प्रत्यक्ष मिलकर चेन व ब्रॉसलेट वापस मांगे तो आरोपी ने चेन व ब्रॉसलेट बेच देना बताया। पुलिस ने धोखाधडी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अलीपुरा में बदमाशों ने किया राहगीर पर चाकूवार
उदयपुर। शहर के अलीपुरा क्षेत्र में राहगीर को रास्ते रोक अज्ञात बदमाशों द्वारा गाली गलोज करते हुए चाकू से वार करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार गंगाराम पुत्र लेहरी भील निवासी बिकरनी घासा ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया कि आलू फैक्ट्री से अलीपुरा आने वाली पुल पर अलीपुरा कब्रिस्तान के पास सात आठ लोग शराब पी रहे थे। तभी अचानक से सभी लोगों ने उसे रुकवा कर चारों तरफ से घेर लिया तथा उसके साथ गाली गलौज करने लगे जिसमें से एक बदमाश ने चाकू निकाला और उसकी हथेली और जांघ पर चाकू मारा जिससे उसके हाथ व पैर पर चोट लगी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
मंदिर के ताले तोड चोर कर गए हाथ साफ
उदयपुर। जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में माताजी के मंदिर के ताले तोडकर चोर सामान चुरा ले गए। पुलिस के अनुसार देवीलाल पालीवाल पुत्र बंशीलाल पालीवाल निवासी दवियों की भागल, जसवंतगढ गोगुंदा व सचिव बाबूसिंह सिसोदिया पुत्र भेरुसिंह निवासी गहलोतों का गुढा जसवंतगढ ने गोगुंदा थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि चार मई को सुबह दैनिक दिनचर्या अनुसार माताजी की पूजा करने के लिए मंदिर गया तो देखा कि मंदिर का ताला मय कुंडी समेत टूटा हुआ था व मंदिर में स्थित अन्य चार कमरों के ताले भी टूटे हुए थे। माताजी के शृंगार सामग्री चोरी करके अज्ञात चोर चोरी करके चले गए। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोरों का पता लगा रही है।
पुत्री ने पिता के खिलाफ दी मारपीट करने की रिपोर्ट
उदयपुर। जिले के डबोक थानांतर्गत मेडता गांव में एक पुत्री ने अपने ही पिता के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार खूशबू वीरवाल निवासी मेडा डबोक ने अपने पिता राजेश कुमार वीरवाल निवासी मेडता के खिलाफ डबोक थाने में एफआईआर दर्ज कराई। रिपोर्ट में आरोपी पिता द्वारा लडाई झगडा कर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक गणपत द्वारा की जा रही है।
विधवा से दुष्कर्म का प्रयास, मामला दर्ज
उदयपुर। जिले के खेरवाडा थानांतर्गत तीन मई की रात को विधवा के साथ मारपीट कर दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार पीडिता विधवा ने प्रकाश पुत्र मणा निवासी परेडा के खिलाफ खेरवाडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि आरोपी प्रकाश ने तीन मई की रात करीब दस बजे उसका गला जोर से दबा दिया। उसके बाद उसे जबरन घसीटकर घर के अंदर ले जाने लगा और उसके साथ मारपीट की जिससे उसके गले, पीठ व शरीर पर जगह जगह चोटे पहुंची। प्रकाश उसके साथ जबरन गलत काम करने की नियत से आया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक किशोर कुमार को सौंपी है।
स्कूल पढने गई छात्रा नहीं लौटी, अपहरण की आशंका
उदयपुर। जिले के पाटिया थानांतर्गत उखेडी मालीफला गांव में स्कूल पढने गई छात्रा वापस घर नहीं लौटी। काफी तलाश करने पर पता नहीं चलने पर परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार मंजूला पति दिनेश डामोर निवासी उखेडी मालीफला पाटिया ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री 28 मार्च को सुबह 7 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मालीफला उखेडी में पढने के लिए गई थी जो घर पर पुन: नहीं लौटी। रिपोर्ट में अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका अपहरण कर ले जाने की आशंका जताई है। पुलिस लापता हुई छात्रा का पता लगाने में जुटी है।
सत्रह वर्षीय किशोरी कुएं में डूबी, मौत
उदयपुर। समीपवर्ती उमरडा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर में पानी लेने गई किशोरी पैर फिसल जाने से कुएं में गिरने से डूब गई। पुलिस के अनुसार उमरडा स्थित रामा फॉस्फेट के सामने ईंट भट्टों पर काम कर रहे श्रमिक की 17 वर्षीय पुत्री कैलाश बंजारा निवासी रेबारियों का गुढा हाल उमरडा मंगलवार दोपहर करीब बारह बजे पानी लेने रामा फॉस्फेट के सामने कुएं पर गई जहां पैर फिसल जाने के कारण वह कुएं में गिर गई। पता चलने पर आसपास के लोगों की भीड जुट गई। सूचना पर नागरिक सुरक्षा दल की टीम मौके पर पहुंची और कुएं में से शव को बाहर निकाल पुलिस को सुपुर्द किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
